जौनपुर
बक्शा थाना क्षेत्र के मई गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मई गांव निवासी 20 वर्षीय सुमित कुमार सिंह बाइक बनवाने के लिए गांव में ही एक स्थान पर गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक पर बांस-बल्ली से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन और स्थानीय लोग घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में आक्रोश फैल गया।
घटना की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं युवक की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।










Users Today : 25
Users This Year : 23721
Total Users : 36314
Views Today : 101
Total views : 71367