वनवासी बस्ती में रात्रि जन चौपाल, पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

जौनपुर

विकास खंड रामपुर की ग्राम पंचायत पट्टीकीरत राय स्थित अटल आवासीय परिसर (वनवासी बस्ती) में सोमवार को रात्रि जन चौपाल का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर.के. पटेल, ब्लॉक प्रमुख राहुल सिंह, जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, पूर्व विधायक सुषमा पटेल, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. तथा मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने गांव में पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को शत-प्रतिशत उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है। पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह ने कहा कि सरकार अंतिम पायदान के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। पूर्व विधायक सुषमा पटेल ने महिलाओं, किसानों और युवाओं को सरकारी योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत लाभार्थियों को ई-रिक्शा वितरित किए गए। वहीं मुख्यमंत्री आवास योजना, श्रम कार्ड, अंत्योदय कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, पीएम सूर्यघर योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि जो पात्र व्यक्ति अभी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं, उन्हें शीघ्र ही लाभान्वित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने विकास खंड रामपुर को आईएसओ प्रमाणीकरण मिलने पर प्रमाण पत्र प्रदान कर बधाई दी।
कार्यक्रम में जिला स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

 

रिपोर्ट – सुरेश कुमार शर्मा

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई