वाराणसी उदय प्रताप इंटर कॉलेज में चल रही तीन दिवसीय राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता मंगलवार को उस समय विवादों में घिर गई जब कुछ मनबढ़ छात्रों ने छात्राओं से छेड़खानी की और विरोध करने पर एक छात्र को बुरी तरह पीट दिया। झांसी मंडल टीम के मैनेजर व कोच दीपक पांडेय ने इस पूरे प्रकरण की शिकायत डीआईओएस, आयोजक मंडल और शिवपुर थाने में की है।
दीपक पांडेय के अनुसार, प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों की टीमें भाग ले रही हैं। मंगलवार की सुबह से ही शूटिंग रेंज पर कुछ स्थानीय छात्रों द्वारा बार-बार छात्राओं से छेड़खानी की जा रही थी। जब झांसी मंडल के एक छात्र ने इसका विरोध किया तो लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी गई।
पीड़ित टीम मैनेजर ने बताया कि घटना की शिकायत आयोजक मंडल के एक शिक्षक से की गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने मामला एक्स (Twitter) पर कमिश्नरेट पुलिस को टैग कर जानकारी दी।
टीम मैनेजर के आरोप
दीपक पांडेय ने कहा कि घटना के बाद उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) और पुलिस से तत्काल सहायता की मांग की, लेकिन चार घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस लापरवाही के कारण टीम की छात्राएं भयभीत हैं और अभ्यास करने से कतरा रही हैं। उन्होंने कहा कि आयोजक मंडल की ओर से कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी, जिससे खिलाड़ियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई।
पुलिस का पक्ष
इस मामले में शिवपुर थाने के इंस्पेक्टर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि कॉलेज परिसर में कुछ छात्रों के बीच धक्कामुक्की हुई थी। प्रिंसिपल की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। अभी तक किसी पीड़ित की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है।
सहमी हुईं छात्राएं
टीम मैनेजर दीपक पांडेय ने कहा कि छात्रों की दबंगई और सुरक्षा की कमी से खिलाड़ी छात्राएं डरी और सहमी हुई हैं। उन्होंने मांग की है कि दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।










Users Today : 76
Users This Year : 19411
Total Users : 32004
Views Today : 138
Total views : 63574