वाराणसी आगामी नाटी इमली चित्रकूट मेला समिति काशी द्वारा आयोजित विश्व प्रसिद्ध भरत मिलाप को लेकर पुलिस प्रशासन और समिति के पदाधिकारियों की अहम बैठक डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें भरत मिलाप आयोजन को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान अधिकारियों ने आयोजकों की समस्याएं सुनीं। वहीं निस्तारण का भरोसा दिलाया।
बैठक में मेला समिति के व्यवस्थापक और सदस्यों ने भरत मिलाप के आयोजन के दौरान सामने आने वाली प्रमुख समस्याओं पर चर्चा की। समिति ने बताया कि सड़कों की जर्जर स्थिति, नीचे लटकते खुले बिजली के तार और जगह-जगह लगे पोस्टर-बैनर, रथ यात्रा को सुचारू रूप से निकालने में बाधा बनते हैं। इन वजहों से रथ खींचने वाले यादव बंधुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और कई बार चोटिल भी हो जाते हैं।
इसके अलावा समिति ने आशंका जताई कि मेले के दौरान शरारती तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने आग्रह किया कि पिछले वर्ष की तरह किसी भी परिस्थिति में लाठीचार्ज की नौबत न आने दी जाए। अधिकारियों ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। प्रशासन ने समिति से भी अपील की कि मेले के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करें। बैठक में यह सहमति बनी कि भरत मिलाप का आयोजन शांति और भव्यता के साथ संपन्न कराया जाएगा।
समिति ने यह भी कहा कि यदि तैयारियों में किसी भी तरह की कोताही होती है तो इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि हर समस्या पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और सुरक्षा-व्यवस्था पर विशेष ध्यान रहेगा। मीटिंग में अपर पुलिस उपायुक्त सरवणन टी, एसीपी कोतवाली डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी, एसीपी दशाश्वमेध शुभम कुमार सिंह, एसीपी चेतगंज ईशान सोनी, कई थाना प्रभारी, पुलिस जवान और समिति के पदाधिकारी मोहन कृष्ण अग्रवाल, सुबोध अग्रवाल, सतेंद्र राय, संजय गुप्ता समेत अन्य मौजूद रहे।










Users Today : 6
Users This Year : 19432
Total Users : 32025
Views Today : 6
Total views : 63600