जौनपुर जिले के तेजीबाजार थाना क्षेत्र के हैदरपुर बाजार में गुरुवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सुई लगने के कुछ ही देर बाद आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और मेडिकल स्टोर में जमकर तोड़फोड़ की। यही नहीं, गुस्साई भीड़ ने मेडिकल स्टोर के पीछे खड़ी एक कार और दो बाइक में आग लगाने की भी कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने किसी तरह हालात काबू में किए।
इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी तबीयत, रास्ते में तोड़ा दम
जानकारी के मुताबिक, हैदरपुर गांव निवासी शिवपूजन यादव के आठ वर्षीय बेटे युग यादव को गुरुवार शाम करीब 6 बजे पेट दर्द की शिकायत हुई। परिजन उसे इलाज के लिए हैदरपुर बाजार स्थित देवी मेडिकल स्टोर लेकर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, मेडिकल स्टोर संचालक ने एक नामजद डॉक्टर से फोन पर बातचीत के बाद बच्चे को सुई लगा दी। सुई लगने के कुछ ही देर बाद युग की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।परिजन आनन-फानन में बच्चे को लेकर जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
शव रखकर सड़क जाम, भीड़ का हंगामा और तोड़फोड़
बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों के साथ गांव के सैकड़ों लोग बाजार में जुट गए। गुस्साई भीड़ ने शव को बक्शा-तेजीबाजार लोहिंदा मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने मेडिकल स्टोर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, स्टोर के पीछे खड़ी एक कार और दो बाइक को आग के हवाले करने की कोशिश भी की। भीड़ के उग्र तेवर देखते हुए पुलिस को भारी फोर्स बुलानी पड़ी।
अफसरों ने संभाली कमान
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी ग्रामीण आतिश सिंह, सीओ सदर परमानंद कुशवाहा, सीओ देवेश सिंह सहित बदलापुर, बक्शा, महराजगंज, सिकरारा और तेजीबाजार थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थिति को काबू में किया।
मेडिकल स्टोर संचालक फरार, कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन
घटना के बाद मेडिकल स्टोर संचालक मौके से फरार हो गया। आक्रोशित परिजन उसकी गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों का कहना था कि यदि संचालक मौके पर मिल जाता तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।
पुलिस बोली — दोषी नहीं बख्शे जाएंगे
पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो सके।










Users Today : 98
Users This Year : 6338
Total Users : 18931
Views Today : 187
Total views : 37412