शिक्षित बने तभी आयेगा समाज में बदलाव – ब्लॉक प्रमुख

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

हिनौतघाट के वनवासियों संग पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन ने मनाया दीपोत्सव, वितरित की शिक्षण सामग्री व मिठाइयाँ

 

चंदौली, नौगढ़   दीपावली की पूर्व संध्या पर नक्सल प्रभावित हिनौतघाट क्षेत्र के वनवासियों के बीच पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन उत्तर प्रदेश द्वारा गुरुवार को नौगढ़ के जमसोती स्थित महुआ बाबा आश्रम में दीपोत्सव व शिक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख शम्भू नाथ सिंह यादव, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा, पावर ग्रिड भारत सरकार के स्वतंत्र निदेशक शिव तपस्या पासवान के प्रतिनिधि राजन, डीपीसी मनोज श्रीवास्तव व शिक्षक रामविलास ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान 100 से अधिक वनवासी परिवारों को दीपावली मनाने के लिए मिठाई, मिट्टी के दीपक, तेल, मोमबत्ती, लाई के पैकेट प्रदान किए गए। वहीं 80 वनवासी छात्र-छात्राओं को कापी, दो पेन, बिस्किट, स्पीकिंग व जनरल नॉलेज की पुस्तकें वितरित की गईं। बच्चों को मिट्टी के खिलौने भी भेंट किए गए, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।

मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख शम्भू नाथ यादव ने कहा:“जब समाज शिक्षित होगा तभी वास्तविक बदलाव संभव है। शिक्षा ही वह दीपक है जो अंधकार को मिटाता है। आज के बच्चे कल का भविष्य हैं। हमें इन्हें केवल ज्ञान नहीं बल्कि संस्कार भी देने होंगे। पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन जिस समर्पण से वनवासी समाज में शिक्षा व जागरूकता का दीप जला रहा है, वह सराहनीय है। मैं चाहता हूँ कि हर शिक्षित व्यक्ति कम से कम एक जरूरतमंद बच्चे की पढ़ाई में सहयोग करे। तभी समाज में वास्तविक परिवर्तन आएगा।”

 

विशिष्ट अतिथि डीपीआरओ नीरज सिन्हा ने कहा: “वनवासी समाज अब विकास की मुख्यधारा में तेजी से शामिल हो रहा है। सरकार की योजनाएँ तभी सफल होंगी जब हर वर्ग में शिक्षा का प्रसार होगा। दीपावली का असली अर्थ है – अंधकार पर प्रकाश की विजय। आज यहाँ जो दीप जलाए जा रहे हैं, वे केवल त्यौहार के नहीं, बल्कि ज्ञान, जागरूकता और आत्मनिर्भरता के प्रतीक हैं। जिला पंचायत विभाग भी स्वच्छता, शिक्षा और रोजगार को लेकर इन क्षेत्रों में निरंतर काम कर रहा है। फाउंडेशन का यह प्रयास शासन की मंशा को जमीनी स्तर पर उतारने का शानदार उदाहरण है।”

 

वहीं पावर ग्रिड भारत सरकार के स्वतंत्र निदेशक शिव तपस्या पासवान के प्रतिनिधि राजन ने कहा “ग्रामीण और वनवासी क्षेत्र के बच्चों में अपार प्रतिभा है, जरूरत है सिर्फ अवसर और मार्गदर्शन की। पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन जैसे संगठन इस दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। शिक्षा, स्वावलंबन और आत्मसम्मान – यही तीन आधार किसी समाज को मजबूत बनाते हैं। हमें शहरों की रोशनी से आगे बढ़कर उन गांवों में दीप जलाने होंगे जहाँ आज भी अंधकार है।

 

इस दौरान आश्रम पद्धति कॉलेज के शिक्षक रामविलास, समाजसेवी मुश्ताक अहमद, डीपीसी मनोज श्रीवास्तव, पूर्व प्रधान चेतन मौर्य और उमाशंकर मौर्य ने भी कहा कि इस प्रकार के आयोजन से बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि और आत्मविश्वास दोनों बढ़ता है।

 

फाउंडेशन के प्रबंधक प्रशांत कुमार ने बताया कि “संस्था पिछले दस वर्षों से वनवासी क्षेत्रों में दीपोत्सव एवं शिक्षा गोष्ठियों का आयोजन कर रही है। इस बार हिनौतघाट क्षेत्र में चौथी बार दीपोत्सव मनाया गया है। हमारा लक्ष्य है कि आने वाले समय में हर वनवासी बच्चा शिक्षित और आत्मनिर्भर बने।”

 

कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष अमरदीप, लव सोनकर, पत्रकार अरुण कुमार, देवा सरकार, समाजसेवी सत्य प्रकाश गुप्ता, सहित सैकड़ों वनवासी परिवार उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में भक्ति, शिक्षा और उमंग का अनोखा संगम देखने को मिला।

 

 

रिपोर्ट – अलीम हाशमी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई