मंडलायुक्त द्वारा जल निगम शहरी के अंतर्गत कराए जा रहे सीवरेज कार्यों का किया गया निरीक्षण

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी

मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने जल निगम अर्बन के अंतर्गत कराए जा रहे विकास एवं पेयजल/सीवर संबंधी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यस्थलों पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित मानकों का जायजा लिया।

मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं पूर्णता की समयसीमा के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं। निर्माण कार्यों के दौरान आमजन को होने वाली असुविधा को न्यूनतम रखने तथा कार्य पूर्ण होने के बाद सड़कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों को पूर्व स्थिति में व्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

अमृत 2.0 कार्यक्रम के अन्तर्गत क्लस्टर – 05 (नगवा, शिवला, जंगमबाड़ी, बंगाली टोला एवं बघाड़ा) के वार्डों हेतु सीवरेज योजना, जो उ0प्र0 जल निगम (नगरीय), द्वारा क्रियान्वित की जा रही है, का मण्डलायुक्त द्वारा आज दिनांक 24.08.2026 को स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिशासी अभियन्ता, द्वारा अवगत कराया गया कि योजना की स्वीकृत लागत रू0 – 16622.06 लाख है एवं अनुबन्धित लागत रू0 – 10025.03 लाख है।

उक्त कार्य की कार्य प्रारम्भ की तिथि 04.04.2026 एवं कार्य पूर्ण तिथि 03.04.2028 है। इस योजना के अन्तर्गत कुल 64.88 कि०मी० सीवर लाइन एवं 15748 नग सीवर हाउस कनेक्शन प्रस्तावित है। वर्तमान में बघाड़ा वार्ड एवं नगवा वार्ड में कार्य कराया जा रहा है एवं कुल 2.28 कि०मी० सीवर पाइप लाइन डाली जा चुकी है, शेष कार्य प्रगति पर है।

मण्डलायुक्त द्वारा स्थानीय लोगों से भी फीडबैक लिया गया, जिसमें उनके द्वारा धीमी प्रगति के लिए बताया गया जिस पर जल निगम के अभियन्ताओं द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में वर्षा ऋतु के कारण आपेक्षित गति नहीं मिल पा रही है। सम्बन्धित वार्ड बघाड़ा के पार्षदपति मो० कासिम द्वारा मण्डलायुक्त को कार्यों की गुणवत्ता से संतुष्टि व्यक्त की गयी । मण्डलायुक्त द्वारा उचित मात्रा में श्रमिक लगाते हुये तीव्र गति कार्य कराने के लिये निर्देशित किया गया एवं यह भी निर्देशित किया गया कि सीवर लाइन के साथ-साथ पेयजल पाइप लाइन का भी कार्य कराया जाये।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित कार्यों में तेजी लाई जाए तथा नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जल निगम अर्बन के संबंधित अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे तथा उन्होंने मंडलायुक्त को संचालित कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।

 

रिपोर्ट: विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई