मीरजापुर
पूर्वांचल की लोक संस्कृति को नई पहचान देने और विलुप्त हो रही कजली विधा को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से 22 अगस्त शनिवार को सिटी क्लब में तीसरे भव्य कजली मल्हार उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन प्राचीन महादेव मंदिर बूढ़ेनाथ के महंत डॉ. योगानंद महाराज के संरक्षण एवं लोक संस्कृति संरक्षण केंद्र की निदेशक अंतरराष्ट्रीय लोक गायिका ऊषा गुप्ता के संयोजन में हो रहा है।
लोक संस्कृति संरक्षण केंद्र की निदेशक ऊषा गुप्ता ने बताया कि बरसात में गाई जाने वाली कजली, मीरजापुर की कजली और चैता जैसी लोक विधाएं लुप्त हो रही हैं। नई पीढ़ी तक इन विधाओं को पहुंचाने और स्थानीय कलाकारों को मंच देने के उद्देश्य से हर साल इस महोत्सव का आयोजन किया जाता है।
गरिमामयी उपस्थिति –
महोत्सव में नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, प्रो. शिशिर पांडेय, जगद्गुरु रामभद्राचार्य राज्य विश्वविद्यालय चित्रकूट के कुलपति, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
40 कलाकारों की प्रस्तुति, 5 को विशेष सम्मान –
उत्सव में मीरजापुर, सोनभद्र, भदोही, वाराणसी, गाजीपुर और प्रयागराज के लगभग 40 लोक गायक-गायिकाएं प्रस्तुति देंगी। सभी कलाकारों को मंच पर मोमेंटो, अंगवस्त्रम और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। पारंपरिक वाद्य यंत्रों ढोलक, मंजीरा, हारमोनियम और नगाड़े के साथ कजली गायन होगा।
समारोह में विशेष आकर्षण के रूप में जनपद की पांच विभूतियों – जीडी बिनानी कॉलेज के प्राचार्य अशोक कुमार सिंह, कारपेट उद्यमी आशीष बुधिया, साहित्यकार राजेंद्र तिवारी उर्फ लल्लू तिवारी, चैलर नृत्य गायक जटाशंकर शर्मा और ढोलक वादक करन कुमार उर्फ पप्पू को प्रेमघन सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
आयोजन समिति ने बताया कि 19 अगस्त तक रजिस्ट्रेशन कराने वाले कलाकारों को ही मंच पर प्रवेश दिया जाएगा। प्रतिभागी कलाकारों को यात्रा भत्ता, मानदेय या रात्रि निवास देय नहीं होगा। वाद्य यंत्रों की व्यवस्था संस्था द्वारा की जाएगी, इसलिए कलाकारों को अपनी पूरी टीम लाने की आवश्यकता नहीं है।
आयोजन मंडल में राजेंद्र तिवारी, संतोष श्रीवास्तव, अजय शंकर गुप्ता, सूरज दुबे, संदर्भ पांडेय, केदारनाथ मुनि, सुरेश मौर्य, रामनरायन यादव, इमरान खान, विष्णु कांत पांडेय, घनश्याम ओझा, विजय दुबे सहित अन्य सदस्य शामिल हैं। कार्यक्रम के सचिव संदर्भ पांडेय ने नगरवासियों से शाम 6 बजे सिटी क्लब पहुंचकर उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।









Users Today : 18
Users This Year : 24098
Total Users : 36691
Views Today : 47
Total views : 72130