वाराणसी।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 के तीन दिवसीय आयोजन का पहला दिन गुरुवार को वाराणसी में शांतिपूर्ण और कड़ी निगरानी के बीच सकुशल संपन्न हुआ। जिले के 68 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 33,139 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने प्रथम पाली के दौरान सुधाकर महिला पीजी कॉलेज और कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज, अर्दली बाजार सहित कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और सेक्टर मजिस्ट्रेट से परीक्षा संबंधी जानकारी ली तथा कंप्यूटर कक्ष में पहुंचकर सभी परीक्षा कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग भी देखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी पूरे दिन फोन के माध्यम से भी जिले के सभी परीक्षा केंद्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रहे। प्रशासन की ओर से प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और सह केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई थी, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
गौरतलब है कि यूपीटीईटी-2026 की परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई तक दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित हो रही है। पहले दिन परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पूरी तरह मुस्तैद रही, जिससे कहीं से भी किसी अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली।











Users Today : 64
Users This Year : 18794
Total Users : 31387
Views Today : 168
Total views : 62419