चन्दौली उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जिले के सभी थानों पर “मिशन शक्ति” फेज-5.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
दुर्गा पूजा पंडालों, बाजारों, मेलों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस टीमों ने महिलाओं व बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। इस दौरान महिला संबंधी समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों के संरक्षण की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, पति की मृत्यु उपरांत निराश्रित महिला योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन और सखी निवास जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।

इसके अलावा महिलाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम 2005, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम 2013, दहेज निषेध अधिनियम 1961 (संशोधित 1986) तथा गर्भधारण पूर्व एवं प्रसवपूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम 1994 से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
थाना स्तर पर नवस्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों के उद्देश्य और वहां उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं से भी महिलाओं को अवगत कराया गया। पुलिस ने बताया कि यह अभियान महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट - आलिम हाशमी









Users Today : 0
Users This Year : 12518
Total Users : 25111
Views Today :
Total views : 49660