वाराणसी महिला शक्ति 5.0 अभियान के तहत शनिवार को वाराणसी में एक बेहद प्रेरणादायक और अद्भुत नजारा देखने को मिला। दो नन्हीं बच्चियां, रोशनी और रानी, जो ग्रूटगार्डियंस से जुड़ी हुई हैं, ने वाराणसी की एसीपी साइबर क्राइम का पदभार एक दिन के लिए संभाला।
पुलिस लाइन स्थित साइबर क्राइम कार्यालय में जब ये दोनों बच्चियां अपने नन्हें-नन्हें कदमों के साथ दाखिल हुईं तो माहौल तालियों और सम्मान से गूंज उठा। जैसे ही छोटी-सी “अफसर जोड़ी” ऑफिस से होकर गुजरीं, हर तैनात पुलिसकर्मी ने उन्हें सैल्यूट किया। यह दृश्य अपने आप में भावुक करने वाला और समाज को महिला सशक्तिकरण का बड़ा संदेश देने वाला साबित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान दोनों बच्चियों ने साइबर क्राइम कार्यालय के विभिन्न डेस्कों का निरीक्षण किया और समझा कि साइबर अपराधों की जांच और कार्रवाई किस तरह से की जाती है। इस बीच रोशनी और रानी ने पुलिसकर्मियों से परिचय भी प्राप्त किया और खुद को एक “जिम्मेदार पदाधिकारी” की भूमिका में महसूस किया।
इस खास मौके पर एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना ने कहा,“महिला शक्ति 5.0 के तहत इस पहल का उद्देश्य बच्चियों को नेतृत्व और जिम्मेदारी का अनुभव कराना है। रोशनी और रानी ने पूरे उत्साह और गंभीरता के साथ पदभार संभाला। यह कार्यक्रम न सिर्फ जागरूकता बढ़ाता है बल्कि आने वाली पीढ़ी को प्रेरित भी करता है।”
यह अनोखी पहल समाज में महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और साइबर सुरक्षा की समझ को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है।








Users Today : 24
Users This Year : 15591
Total Users : 28184
Views Today : 30
Total views : 55938