थाना कपसेठी पर वादी अभिषेक शुक्ला द्वारा तहरीर दी गई कि उनकी माता हेमा शुक्ला दिनांक 13.04.2026 को घर से चली गईं, जिनका मोबाइल भी बंद हो गया था। खोजबीन के बाद दिनांक 18.04.2026 को गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
जांच में ज्ञात हुआ कि उसी दिन लच्छापुर के पास एक ऑटो (नं0 UP 65 ET 5616) पलटने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई थी, जिसका चालक रामनरेश बिंद पाया गया। थाना रामनगर में दिनांक 17.04.2026 को मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान वादी द्वारा अपनी माता के रूप में की गई।वादी के आरोप के आधार पर थाना कपसेठी पर मु0अ0सं0 0051/2026 धारा 105/238 बीएनएस पंजीकृत किया गया ।
दिनांक 26.04.2026 को थाना कपसेठी पुलिस के उ0नि0 आशीष कुमार, उ0नि0 विनय कुमार प्रजापति, चौकी प्रभारी धवकलगंज व का0 प्रियकांत द्वारा क्षेत्र में चेकिंग/संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर बाहरीनाला के पास से मुकदमा उपरोक्त में वांछित अभियुक्त रामनरेश बिंद पुत्र हरिश्चन्द्र बिंद निवासी ग्राम चौर, थाना कपसेठी, वाराणसी, उम्र 36 वर्ष को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि दिनांक 13.04.2026 को शाम के समय वह अपने ही गांव के बगल की रहने वाली हेमा शुक्ला पत्नी अशोक शुक्ला को अपने ऑटो में बैठाकर चौरी की ओर से कपसेठी की ओर आ रहा था। अत्यधिक नशे की अवस्था में होने के कारण वह वाहन नियंत्रित नहीं कर पाया और ग्राम लच्छापुर के पास ऑटो पलट गया,
जिससे हेमा शुक्ला को गंभीर चोट आई तथा उसे स्वयं भी बाएं पैर में चोट लगी। राहगीरों की सहायता से ऑटो को सीधा कराकर उसने हेमा शुक्ला को घायल अवस्था में ऑटो में बैठाया और इलाज कराने के बहाने वहां से चला गया।
रास्ते में पुलिस कार्रवाई के डर से वह उन्हें अस्पताल न ले जाकर कछवां के रास्ते होते हुए भटौली घाट पुल पहुंचा तथा घटना को छिपाने की नीयत से हेमा शुक्ला को गंगा नदी में फेंककर घर वापस चला आया। अगले दिन बिना किसी को घटना की जानकारी दिए ऑटो को उसके मालिक के पास वाराणसी शहर पहुंचा दिया।
कई दिनों से छिपकर रह रहा था तथा जानकारी मिलने पर कि हेमा शुक्ला के परिजन व पुलिस उसकी तलाश कर रहे हैं, वह भागने की फिराक में था, तभी पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया।अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम का विवरण :
उ0नि0 विकास मौर्या, थानाध्यक्ष, थाना कपसेठी, कमिश्नरेट वाराणसी
उ0नि0 आशीष कुमार, थाना कपसेठी, कमिश्नरेट वाराणसी
उ0नि0 विनय कुमार प्रजापति, थाना कपसेठी, कमिश्नरेट वाराणसी
का0 प्रियकांत, थाना कपसेठी, कमिश्नरेट वाराणसी









Users Today : 42
Users This Year : 12442
Total Users : 25035
Views Today : 100
Total views : 49537