वाराणसी:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे. पीएम के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. शहर के पांच प्रमुख चौराहों पर भव्य स्वागत की तैयारी की गई है. भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरी ने गांडीव डिजिटल से खास बातचीत में बताया कि प्रधानमंत्री अब तक 11 वर्षों में 53 बार काशी आ चुके हैं. लेकिन इस बार का दौरा कई मायनों में बेहद खास और ऐतिहासिक होगा.
मोदी संग काशी आएंगे नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन
उन्होंने बताया कि इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी काशी आ रहे हैं. इसे संगठन और सरकार दोनों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण दौरा माना जा रहा है.
भाजपा नेताओं के अनुसार इस बार का दौरा महिला शक्ति को समर्पित रहेगा. करीब 50 हजार महिलाओं के शामिल होने की संभावना जताई गई है. इसे काशी के सबसे बड़े महिला सम्मेलनों में से एक माना जा रहा है.

28 अप्रैल को दोपहर 3 बजे पीएम बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए बरेका जाएंगे. शाम करीब 4:30 बजे बीएलडब्ल्यू में जनसंबोधन करेंगे. इस कार्यक्रम में केवल काशी ही नहीं बल्कि पूरे पूर्वांचल से महिलाएं भी शामिल होंगी. महिला शक्ति की बड़ी भागीदारी कार्यक्रम की खास पहचान होगी.
इसी के आगे भाजपा नेताओं ने ये भी बताया कि, कार्यक्रम का मुख्य फोकस नारी शक्ति और महिला सशक्तिकरण रहेगा, महिला सम्मेलन इस पूरे दौरे का मुख्य आकर्षण रहेगा और इसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं. प्रधानमंत्री अपने दौरे में काशी को कई बड़ी सौगातें भी देंगे. इनमें मालवीय पुल के बगल में बनने वाले सिग्नेचर ब्रिज का शिलान्यास प्रमुख रूप से शामिल है.
29 अप्रैल की सुबह 7:30 बजे पीएम का भव्य रोड शो शुरू होगा. रोड शो बनारस स्टेशन से शुरू होकर पुलिस लाइन, लहुराबीर, मैदागिन होते हुए काशी विश्वनाथ धाम तक जाएगा. इसके बाद पीएम बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करेंगे. दर्शन के बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगे.
पीएम मोदी दौरे को लेकर अलर्ट प्रशासन
पीएम मोदी के दौरे को लेकर भाजपा महानगर अध्यक्ष ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और शहर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है. खास बात यह है कि महिला शक्ति की ऐतिहासिक भागीदारी, नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी और विकास परियोजनाओं की सौगातों के साथ प्रधानमंत्री का यह दौरा काशी के लिए बेहद यादगार माना जा रहा है.









Users Today : 42
Users This Year : 12442
Total Users : 25035
Views Today : 100
Total views : 49537