चन्दौली मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने चंदौली कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पत्रावलियों के रखरखाव और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में जीपीएफ पासबुक अपडेट न होने और कर्मचारियों की सेवा सत्यापन में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
मंडलायुक्त ने अपर जिलाधिकारी न्यायिक के न्यायालय, नजारत अनुभाग, अभिलेखागार और भूलेख अनुभाग सहित कई पटलों का गहन निरीक्षण किया। नजारत अनुभाग में पूर्व निर्देशों के बावजूद जीपीएफ पासबुक अपडेट न होने और वर्ष 2024 के बाद कर्मचारियों की सेवा का सत्यापन न होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

इस लापरवाही पर मंडलायुक्त ने उप जिलाधिकारी/ प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट (ओ सी) से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। साथ ही, नजीर आशीष सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का आदेश भी दिया गया।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों/कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं के रखरखाव और सेवानिवृत्त कर्मियों के लाभों के भुगतान संबंधी जानकारी भी ली। अभिलेखागार में भूलेख, नकल व नक्शा पटल के निरीक्षण के दौरान नक्शा और नकल देने में अनियमितता सामने आई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का समय पर निस्तारण हो और आवेदनकर्ता का नाम व मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज किया जाए।

बस्ता सूची में किसी प्रकार का उल्लेख न होने और भूलेख अनुभाग में पासबुक पर वर्ष 2024 के बाद सत्यापन न होने पर भी मंडलायुक्त ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट (ओ सी) को रोस्टर के अनुसार नियमित निरीक्षण करने के सख्त निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आम जनता की शिकायतों का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा ताकि उन्हें किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, उप जिलाधिकारी/प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट विजय कुमार,उप जिलाधिकारी सदर दिव्या ओझा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।











Users Today : 120
Users This Year : 23911
Total Users : 36504
Views Today : 275
Total views : 71772