आजमगढ़ जिले के मार्टीनगंज ब्लॉक प्रमुख यशवंत शर्मा पर बीती रात कथित हमला राजनीति का नया रंग लेता दिख रहा है। थाना दीदारगंज क्षेत्र के सुरहन स्थित कन्या पाठशाला के पास हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। शर्मा ने सात लोगों पर मारपीट और फायरिंग का आरोप लगाया और दावा किया कि यह हमला चुनावी रंजिश के चलते हुआ।
ब्लॉक प्रमुख का कहना है कि हमलावरों ने उन्हें पिस्टल की बट से मारा और जानलेवा हमला करने की नीयत से गोलियां चलाईं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बताए जा रहे प्रमुख को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
लेकिन, पुलिस की प्रारंभिक जांच में बड़ा मोड़ सामने आया। अधिकारियों के मुताबिक, फायरिंग के कोई साक्ष्य नहीं मिले और न ही ब्लॉक प्रमुख के शरीर पर चोट के निशान पाए गए। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति सामान्य बताई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी फूलपुर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, ब्लॉक प्रमुख की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एएसपी ग्रामीण चिराग जैन ने कहा कि घटना स्थल से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
इस घटना ने इलाके में सियासी सरगर्मी तेज कर दी है। सवाल यह उठ रहा है कि मामला वास्तव में चुनावी रंजिश का है या फिर राजनीति का नया हथकंडा? जवाब जांच के बाद ही साफ होगा।
रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी








Users Today : 76
Users This Year : 24156
Total Users : 36749
Views Today : 195
Total views : 72278