वाराणसी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के द्वारा 14-15 मार्च को आयोजित होने वाली पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा की तैयारियों के दृष्टिगत जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा की अध्यक्षता में जोनल, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं सह केंद्र व्यवस्थापकों की आवश्यक ब्रीफिंग मंगलवार को यातायात पुलिस लाइन सभागार में हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण, सकुशल, शुचितापूर्ण एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराए जाने हेतु सभी को निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण परीक्षा है, जिसे सकुशल संपन्न कराने की ज़िम्मेदारी सभी की है। इसके लिए जिले में कुल 46 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के लिए सेक्टर एवं स्टैटिक मैजिस्ट्रेटो की ड्यूटी लगाई गई है।उन्होंने सेक्टर एवं स्टैटिक मैजिस्ट्रेटो को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान वे प्रत्येक दशा में अपने-अपने परीक्षा केन्द्रों पर उपस्थित रहे। इसमें ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान यातायात संबंधी कोई समस्या हो, तो उसके लिए प्रशासन से संपर्क कर आवश्यकतानुसार पास आदि की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करा लें। इस परीक्षा की गंभीरता को समझते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप ही परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न कराए।
उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापको को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने परीक्षा केन्द्रों को सेनेटाइज करा लें और अपने अधीनस्थों/कक्ष निरीक्षकों की ब्रीफिंग अवश्य करा लें तथा उन्हें परीक्षा के नियम, प्रक्रिया व अनुशासन संबंधी जिम्मेदारियों को समझा दें। स्कूलों में संचालित सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग अच्छे ढंग से होनी चाहिए।
यह सुनिश्चित कराया जाय कि परीक्षा केन्द्र के आसपास की फोटो कॉपी की दुकाने परीक्षा के समय बंद रहें। प्रवेश के समय चेकिंग/फ्रिस्किंग प्रॉपर किया जाए। परीक्षा के दौरान परीक्षा कक्ष (Exam Hall) में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस जैसे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और वर्जित वस्तुएँ कोई भी अभ्यर्थी न ले जाने पाए। डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) से लगातार निगरानी होती रहे।
अभ्यर्थियों को क्लॉक रूम में मोबाइल फोन रखने की सुविधा उपलब्ध हो। शासन के निर्देशानुसार पूरी सख्ती से परीक्षा को संपन्न कराया जाए। ये सुनिश्चित किया जाए कि सभी व्यवस्था ससमय पूर्ण करा ली जाए। उन्होंने कहा कि आने वाले हर परीक्षा में कुछ चैलेंजर्स होते हैं, जिसके लिए हम सभी को तैयार रहना है।
इसी क्रम में उन्होंने उपस्थित सभी मजिस्ट्रेटों और केंद्र व्यवस्थापकों को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अध्ययन कर लिए जाने के भी निर्देश दिए।कहा कि आप सभी लोग पूर्व में भी कई तरह की परीक्षाएं कराएं है, तो उम्मीद एवं आशा करते हैं कि इस परीक्षा में भी अपने अनुभव का परिचय देते हुए सकुशल परीक्षा संपन्न कराएंगे।
इस अवसर पर भर्ती बोर्ड से जनपद आए सदस्यों द्वारा परीक्षा के दौरान आने वाली समस्याओं तथा बारीकियों से सभी को अवगत कराया गया। उन्होंने परीक्षा दौरान सिल बुकलेट के खोलने से लेकर वितरण सहित एब्सेंट कैंडिडेट के संबंध में, वेरिफिकेशन सीट भरने की प्रक्रिया, वीडियो रिकॉर्डिंग सहित अन्य सभी जानकारी देते हुए सभी प्रक्रियाओं से अवगत कराया।
इस अवसर पर एडीएम (सिटी) आलोक कुमार वर्मा, परीक्षा से जुड़े समस्त सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट सहित सभी केंद्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।











Users Today : 113
Users This Year : 17426
Total Users : 30019
Views Today : 221
Total views : 59501