जखनियां (गाजीपुर) संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम मार्च 2026 में घोषित हुआ, जिसमें जखनियां ब्लॉक के गौरा खास गांव की बेटी प्रियंका चौधरी ने 79वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया।
उनकी इस उपलब्धि से पूरे जखनियां क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।प्रियंका चौधरी की सफलता कड़ी मेहनत, संघर्ष और अटूट हौसले की मिसाल है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य को हासिल कर इतिहास रच दिया।
प्रियंका ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जखनियां स्थित श्री महावीर सूर्योदय उत्तर माध्यमिक विद्यालय से यूकेजी से लेकर हाईस्कूल तक प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने शहीद इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए वह वाराणसी गईं और वहीं रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करती रहीं।
प्रियंका के परिवार पर पिछले एक वर्ष में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके इकलौते भाई रितेश उर्फ गोल्डी, जो पीएचडी की तैयारी कर रहे थे, का लगभग एक वर्ष पहले बीमारी के कारण निधन हो गया। वहीं करीब तीन माह पूर्व उनकी मां शांति देवी का भी आकस्मिक निधन हो गया। इन कठिन परिस्थितियों के बावजूद प्रियंका ने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और पूरी लगन के साथ पढ़ाई जारी रखी।
उनके इस साहस और दृढ़ निश्चय ने ही उन्हें आज इस मुकाम तक पहुंचाया। प्रियंका के पिता नीरा कनौजिया तहसील जखनियां में उपजिलाधिकारी के चालक के रूप में कार्यरत रह चुके हैं और वर्तमान में तहसील के रिकॉर्ड रूम में नजारत पद पर कार्य कर रहे हैं। परिवार की बड़ी बेटी प्रीति घर पर रहकर पढ़ाई कर रही हैं।प्रियंका चौधरी की इस ऐतिहासिक सफलता पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर रामचरण यादव, संतोष यादव, सर्वदलीय संघर्ष विकासशील समिति के अध्यक्ष देवनारायण सिंह, शहीद इंटर कॉलेज के प्रबंधक विनोद पांडे, आमिर अली, सर्वोदय इंटर कॉलेज के प्रबंधक शंभूनाथ यादव, सीपीएम मंडल सचिव विजय बहादुर सिंह तथा डॉ. राजेश यादव सहित कई लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रियंका के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला









Users Today : 36
Users This Year : 23732
Total Users : 36325
Views Today : 128
Total views : 71394