सोमनाथ पहुंचे प्रधानमंत्री का हुआ भव्य स्वागत, स्वाभिमान पर्व में होंगे शामिल

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के सोमनाथ पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी और भव्य तरीके से स्वागत किया गया। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री स्वाभिमान पर्व कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर वे देश की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय स्वाभिमान और विकास से जुड़े विषयों पर संबोधन भी करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

यूपी में भाजपा का महा-माफिया राज : समाजवादी पार्टी

समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और भाजपा के संरक्षण में “महा-माफिया राज” चल रहा है। पार्टी प्रवक्ताओं ने लखनऊ में जारी बयान में कहा कि प्रदेश में अपराध, भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियां बढ़ी हैं, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। सपा ने दावा किया कि जनता अब मौजूदा सरकार से त्रस्त है और आने वाले समय में बदलाव का मन बना चुकी है।

राम मंदिर परिसर में नमाज की कोशिश, कश्मीर निवासी अधेड़ हिरासत में
अयोध्या स्थित राम मंदिर परिसर में शनिवार को सुरक्षा कर्मियों ने एक अधेड़ व्यक्ति को नमाज पढ़ने की कोशिश करते हुए पकड़ लिया। आरोपी की पहचान कश्मीर के शोपिया निवासी अबू अहमद शेख (55) के रूप में हुई है। युवक को राम मंदिर के दक्षिणी परकोटे के पास रोका गया, जिसके बाद वह नारे लगाने लगा। सुरक्षा कर्मियों ने उसे हिरासत में लेकर थाना रामजन्मभूमि पुलिस को सौंप दिया। पुलिस और खुफिया एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।

आई-पैक पर ईडी छापे को लेकर बंगाल में सियासी घमासान, मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले आई-पैक कार्यालय पर ईडी की छापेमारी को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। ईडी ने ममता बनर्जी सरकार पर जांच में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है और निष्पक्ष जांच की अनुमति मांगी है। वहीं, ममता सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल कर एजेंसी की कार्रवाई को चुनावी साजिश बताया है। मामले को लेकर ईडी और टीएमसी के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।

पीएसएलवी-सी62 मिशन से पहले इसरो अध्यक्ष ने तिरुपति में की पूजा, 12 जनवरी को होगा लॉन्च
इसरो अध्यक्ष वी. नारायणन ने शनिवार को पीएसएलवी-सी62 मिशन से पहले तिरुपति मंदिर में पूजा-अर्चना की। यह मिशन 12 जनवरी को ईओएस-एन1 पृथ्वी अवलोकन उपग्रह और 14 अन्य पेलोड को सूर्य-तुल्यकालिक कक्षा में स्थापित करेगा। 11 जनवरी से 25 घंटे की उलटी गिनती शुरू होगी। यह पीएसएलवी की 64वीं उड़ान और इस वर्ष का इसरो का पहला प्रक्षेपण होगा।

टी20 विश्व कप टीम से बाहर रहने पर बोले शुभमन गिल, बोले—चिंतित नहीं हूं
भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टी20 विश्व कप टीम में जगह न मिलने पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह चयनकर्ताओं के फैसले का सम्मान करते हैं और इससे चिंतित नहीं हैं। गिल अब न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रारूप को आसान नहीं मानना चाहिए और जब भी मौका मिलेगा, वह देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।

उर्वरक उत्पादन में आत्मनिर्भर भारत की बड़ी उपलब्धि, 73% जरूरतें घरेलू स्तर पर पूरी
भारत ने कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। रसायन और उर्वरक मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 2025 में देश की कुल उर्वरक जरूरतों का करीब 73 प्रतिशत घरेलू उत्पादन से पूरा किया गया। पिछले पांच वर्षों में उर्वरक उत्पादन बढ़कर 524.62 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। सरकार ने इसे मजबूत नीतियों, नए संयंत्रों और बंद इकाइयों के पुनरुद्धार का परिणाम बताया है।

अदालत के आदेश के बावजूद बीएसएफ के 129 इंस्पेक्टरों को 5400 ग्रेड पे नहीं
दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद बीएसएफ के 129 इंस्पेक्टरों को 5400 रुपये ग्रेड पे का लाभ नहीं दिया गया। बीएसएफ मुख्यालय ने स्पीकिंग ऑर्डर जारी कर यह कहते हुए दावा खारिज कर दिया कि एनएफएफयू का लाभ केवल ग्रुप ‘ए’ अधिकारियों पर लागू होता है। इंस्पेक्टरों का कहना है कि वित्त मंत्रालय के 2008 के कार्यालय ज्ञापन के अनुसार 4800 ग्रेड पे में चार वर्ष की सेवा पूरी करने पर 5400 ग्रेड पे देय है, जिसका लाभ अन्य विभागों में दिया जा चुका है। समान लाभ न मिलने से बीएसएफ कर्मियों में असंतोष बना हुआ है।

रेलवे में औपनिवेशिक परंपरा खत्म, काले बंद गले के कोट पर रोक
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों से औपनिवेशिक सोच को पूरी तरह त्यागने का आह्वान करते हुए घोषणा की कि अंग्रेजों के दौर का काला बंद गले का कोट अब रेलवे की औपचारिक पोशाक नहीं रहेगा। दिल्ली में आयोजित 70वें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह में उन्होंने कहा कि पहनावे और कार्यशैली से औपनिवेशिक मानसिकता को पूरी तरह हटाना समय की मांग है। रेलमंत्री ने भरोसा जताया कि युवा कार्यबल, नवाचार और तकनीक के साथ भारतीय रेल 2047 तक विकसित भारत की यात्रा का मजबूत स्तंभ बनेगी। उन्होंने वर्ष 2026 के लिए “52 हफ्ते, 52 सुधार” के संकल्प के तहत नवाचार, तकनीक, सुरक्षा और अनुरक्षण पर विशेष जोर देने की बात कही।

देश को पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात, 17 जनवरी को होगा उद्घाटन
देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जनवरी को करेंगे। यह अत्याधुनिक ट्रेन कोलकाता और गुवाहाटी के बीच चलेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि उद्घाटन पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन से किया जाएगा। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के साथ ही छह नई अमृत भारत एक्सप्रेस भी शुरू की जा रही हैं, जिनकी सेवाएं यात्रियों को 17 और 18 जनवरी से उपलब्ध होंगी। यह पहल लंबी दूरी की यात्रा को अधिक आरामदायक और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

जोहो के सीईओ श्रीधर वेम्बू का तलाक बना भारत का सबसे महंगा मामला
जोहो कॉर्पोरेशन के फाउंडर और सीईओ श्रीधर वेम्बू का तलाक भारत का सबसे महंगा तलाक माना जा रहा है। कैलिफोर्निया में चल रहे इस मामले में अदालत ने वेम्बू को 1.7 अरब डॉलर (करीब 14 हजार करोड़ रुपये) का बॉन्ड जमा करने का आदेश दिया है। यह विवाद मुख्य रूप से कस्टडी और जोहो में हिस्सेदारी को लेकर है। वेम्बू की पत्नी प्रमिला श्रीनिवासन ने कंपनी की हिस्सेदारी स्थानांतरण को लेकर आरोप लगाए हैं, जिन्हें वेम्बू ने खारिज किया है। मामले में वैवाहिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर सुनवाई जारी है।

पॉक्सो कानून के दुरुपयोग पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, ‘रोमियो-जूलियट क्लॉज’ लाने का सुझाव
सुप्रीम कोर्ट ने किशोरों से जुड़े मामलों में पॉक्सो कानून के दुरुपयोग पर गंभीर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से ‘रोमियो-जूलियट क्लॉज’ लाने पर विचार करने को कहा है। जस्टिस संजय करोल और जस्टिस एन. कोटिश्वर सिंह की पीठ ने कहा कि आपसी सहमति से बने वास्तविक किशोर संबंधों को पॉक्सो की कठोर धाराओं से अलग रखा जाना चाहिए। कोर्ट ने केंद्र से इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने को कहा, ताकि कानून के गलत इस्तेमाल पर रोक लगे और नासमझी में बने रिश्तों के कारण किशोरों को कठोर सजा न झेलनी पड़े।

ड्रग्स के खिलाफ 3 साल का राष्ट्रव्यापी अभियान, 31 मार्च से होगी सख्त कार्रवाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश से नशीली दवाओं के खतरे को जड़ से खत्म करने के लिए 31 मार्च से तीन साल का राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने की घोषणा की है। एनसीओआरडी की 9वीं उच्चस्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ लक्ष्य तय कर समयबद्ध कार्रवाई और नियमित समीक्षा की जाएगी। गृह मंत्री ने सभी विभागों और राज्यों को 31 मार्च तक रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए और युवाओं को नशे से बचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति स्पष्ट है कि नशीली दवाओं के निर्माण और बिक्री करने वालों के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी, और भारत को ‘नशा मुक्त’ बनाना प्राथमिक लक्ष्य है।

38 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को वापस भेजा गया
यूपी में पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत तीन वर्ष पूर्व पकड़े गए 38 अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को उनकी सजा पूरी होने के बाद उनके देश वापस भेज दिया गया है। अदालत ने सभी आरोपियों को तीन साल की सजा सुनाई थी, जिसे पूरा करने के पश्चात आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें प्रत्यर्पित किया गया।

भारत-बांग्लादेश संबंधों में तनाव के बीच भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने तारिक रहमान से की मुलाकात
भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में मौजूदा तनाव के बीच दोनों देशों के बीच राजनीतिक और कूटनीतिक संवाद को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल हुई है। बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त प्रणय कुमार वर्मा ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यवाहक अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के पुत्र तारिक रहमान से मुलाकात की। इस दौरान भारत-बांग्लादेश के आपसी संबंधों, सहयोग और द्विपक्षीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

आईपीओ और निवेशकों की बढ़ती भागीदारी से भारतीय पूंजी बाजार मजबूत : सेबी अध्यक्ष
भारतीय पूंजी बाजार में बीते एक दशक में तेज विस्तार देखने को मिला है। सेबी अध्यक्ष तुहिन कांत पांडेय ने बताया कि चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में 311 आईपीओ के जरिए कंपनियों ने 1.7 लाख करोड़ रुपये जुटाए। 2020 से अब तक यूनिक निवेशकों की संख्या 4.3 करोड़ से बढ़कर 13.7 करोड़ हो गई है। सेबी ने छोटे स्टॉक ब्रोकर्स को राहत देने के लिए तकनीकी गड़बड़ियों से जुड़े अनुपालन नियमों में ढील दी है, जिससे ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा मिलेगा।

काशी में बनेंगे प्रदेश के पहले संस्कृत गांव, 14 जनवरी के बाद होगी घोषणा
सनातन संस्कृति और वैदिक परंपरा की धरोहर काशी में प्रदेश के पहले पांच संस्कृत गांव विकसित किए जाएंगे। संस्कृत भारती काशी प्रांत ने इसके लिए सर्वे शुरू कर दिया है और 14 जनवरी के बाद पहले गांव की घोषणा की जाएगी। चयनित गांवों में दैनिक संवाद, अभिवादन और सार्वजनिक गतिविधियों में संस्कृत भाषा का प्रयोग किया जाएगा। एक वर्ष तक संस्कृत भारती की टीम गांव में रहकर ग्रामीणों को सरल संस्कृत का प्रशिक्षण देगी। इसके साथ ही शहर में रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और सार्वजनिक स्थलों पर संस्कृत में नाम पट्ट व घोषणाओं की भी योजना है।

महाशिवरात्रि पर काशी विश्वनाथ मंदिर की ऑनलाइन बुकिंग हुई निलंबित
माघ मेले के पलट प्रवाह के चलते काशी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में शुक्रवार को ढाई लाख से अधिक भक्तों ने दर्शन-पूजन किया। महाशिवरात्रि पर संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने 15 और 16 फरवरी के लिए दर्शन व पूजन की ऑनलाइन बुकिंग निलंबित कर दी है। इन तिथियों के सभी ऑनलाइन टिकट स्वतः रद्द माने जाएंगे। मंदिर प्रशासन के अनुसार, रोजाना 2 से 2.5 लाख श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं और आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ सकती है।

गूगल और Character.AI समझौते के करीब, बच्चों की सुरक्षा पर चैटबॉट्स को लेकर बढ़ी चिंता
गूगल और Character.AI पर ऐसे कई मुकदमे चल रहे हैं, जिनमें आरोप है कि इनके चैटबॉट्स से बातचीत के बाद कुछ किशोरों ने आत्महत्या की या खुद को गंभीर नुकसान पहुंचाया। पीड़ित परिवारों का दावा है कि भावनात्मक जुड़ाव पैदा करने वाले एआई सिस्टम कमजोर मानसिक स्थिति वाले बच्चों पर नकारात्मक असर डालते हैं। कोर्ट फाइलिंग्स के अनुसार, दोनों कंपनियां इन मामलों में आर्थिक मुआवजे को लेकर समझौते की दिशा में बातचीत कर रही हैं, हालांकि किसी भी कंपनी ने कानूनी जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की है। इन मामलों को एआई इंडस्ट्री के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि इससे भविष्य में चैटबॉट्स की सुरक्षा, बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा और एआई कंपनियों की जवाबदेही पर सख्त नियम लागू हो सकते हैं।

दिन में चार कप से ज्यादा चाय पीना सेहत के लिए नुकसानदायक
चाय रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार दिन में चार से पांच कप से अधिक चाय पीना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। हार्वर्ड हेल्थ और मेयो क्लिनिक की रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यादा चाय पीने से गैस, एसिडिटी, नींद न आने, एनीमिया और दिल की धड़कन तेज होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बहुत गर्म चाय गले की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाकर एसोफेजियल कैंसर का खतरा भी बढ़ा सकती है। डॉक्टरों ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने, चाय की मात्रा सीमित रखने और हर्बल या ग्रीन टी जैसे विकल्प अपनाने की सलाह दी है।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

अपना घर आश्रम वाराणसी दिनांक 5 अप्रैल 2026 को अपना घर आश्रम गेल द्वारा पीएनजी गैस द्वारा संचालित कुकिंग सिस्टम को गेल के कार्यकारी निदेशक श्री एच के. गर्ग एवं महाप्रबंधक श्री सुशील कुमार जी के कर कमल द्वारा शुभारंभ किया गया।