चन्दौली बबुरी अंतर्गत कम्हरियाॅ गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क बाढ़ की चपेट में आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। यह सड़क कम्हरियाॅ रेगुलेटर ड्रेन के पास स्थित पिंच रोड के रूप में जानी जाती है, जो हालिया बाढ़ के चलते बह गई है। सड़क कटने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह सड़क नेशनल हाईवे-19 को जोड़ती है और रोहणा, नरैना, घूरो, नियामताबाद, मुगलसराय, कठौरी, देवई सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोगों के लिए जीवन रेखा के समान थी। अब इस मार्ग के बाधित हो जाने से ग्रामीणों, खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों और दैनिक मजदूरी करने वाले श्रमिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। छात्र-छात्राएं स्कूल नहीं जा पा रहे हैं, जबकि दिहाड़ी मजदूरों की रोजी-रोटी पर भी संकट खड़ा हो गया है।
गौरतलब है कि इसी मार्ग से होकर महिलाएं छठ पूजा के लिए भी गुजरती हैं। आने वाले पर्व को देखते हुए ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। इस क्षेत्र में बाढ़ कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बार की बाढ़ ने सड़क को पूरी तरह से काट दिया है, जिससे वाहनों का आवागमन बंद हो गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को कई बार सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द वैकल्पिक मार्ग या अस्थायी पुल की व्यवस्था की जाए ताकि जनजीवन सामान्य हो सके।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे स्कूल बच्चों, मजदूरों और श्रद्धालुओं की समस्याओं का समाधान हो सके।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी









Users Today : 61
Users This Year : 11851
Total Users : 24444
Views Today : 133
Total views : 48063