वाराणसी शहर में बढ़ते जाम और वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात की अव्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने भोजूबीर तिराहे से लेकर अर्दली बाजार और यूपी कॉलेज मार्ग तक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान का मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क किनारे लगे टायर क्लिपर्स की व्यवस्था देखी और आने-जाने वाले मार्गों की रफ्तार को खुद परखा।
कमिश्नर ने कहा कि नए ट्रैफिक प्लान से अब इस मार्ग पर सीधे आवागमन नियंत्रित रहेगा और बिना अनुमति यू-टर्न लेना संभव नहीं होगा। वाहन चालकों को निश्चित दिशा से ही गुजरना होगा। उन्होंने साफ निर्देश दिया कि सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए ताकि आपात स्थिति में कोई भी मार्ग बाधित न हो।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने स्थानीय व्यापारियों और निवासियों से संवाद कर यातायात की स्थिति और नई व्यवस्था पर चर्चा की। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा — “जाम से निजात तभी मिलेगी जब हर नागरिक नियमों का पालन करेगा।”कमिश्नर के साथ डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव और एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने मौके पर खड़े रहकर कई वाहनों को मोड़ने और सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि आने वाले दिनों में वाराणसी की ट्रैफिक व्यवस्था को स्मार्ट सिटी मॉडल के तहत और सुदृढ़ किया जाएगा। वहीं, जाम प्रभावित इलाकों में सीसीटीवी मॉनिटरिंग बढ़ाने और रीयल-टाइम ट्रैफिक कंट्रोल रूम को सक्रिय करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।










Users Today : 80
Users This Year : 19415
Total Users : 32008
Views Today : 144
Total views : 63580