वाराणसी दीपावली की रौनक और चकाचौंध के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फायर ब्रिगेड ने भी कमर कस ली है। इस बार धनतेरस और दीपावली पर शहर की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां फायर स्टेशनों में नहीं रहेंगी, बल्कि सीधे जनता के बीच चौकन्नी रहेंगी। आग लगने की किसी भी आकस्मिक घटना को तत्काल नियंत्रित करने के लिए प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर दमकल कर्मी पूरी तैयारियों के साथ तैनात रहेंगे।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि दीपावली पर सुरक्षा के मद्देनजर 12 प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेंगी। इनमें गोदौलिया, दशाश्वमेध, भेलूपुर, लंका, शिवपुर, सिगरा, चौक, रामनगर, भिखारीपुर, मच्छोदरी पार्क, नाटी इमली भरत मिलाप मैदान सहित अन्य प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।
फायर ब्रिगेड के जवानों की ड्यूटी अब सड़कों पर
त्योहारों के दौरान बढ़ते भीड़भाड़ और पटाखों के इस्तेमाल से किसी भी आपात स्थिति में तेजी से कार्रवाई हो सके, इसके लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को रणनीतिक तौर पर शहर के भीड़भाड़ वाले पॉइंट्स पर खड़ा किया जाएगा। सभी वाहनों में एक्सपर्ट फायर फाइटर्स और पर्याप्त संसाधन मौजूद रहेंगे।
461 पटाखा दुकानें फाइनल, 72 पर अनुमति प्रक्रिया जारी
दीपावली पर लोगों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने आतिशबाजी बिक्री स्थलों को भी तय कर दिया है। इस वर्ष कुल 32 स्थानों पर 461 अस्थायी दुकानें फाइनल हो गई हैं, जबकि 72 आवेदनों पर अनुमति की प्रक्रिया अभी जारी है।
इन दुकानों को 18 से 20 अक्टूबर तक तीन दिनों के लिए लगाने की अनुमति दी जाएगी।
अस्थायी आतिशबाजी की दुकानें वाराणसी के विभिन्न इलाकों में लगेंगी —
• लालपुर क्षेत्र: आवास विकास कॉलोनी का मैदान, मुड़कट्टा बाबा मैदान, राधा मोहन लॉन।
• शिवपुर–चौबेपुर क्षेत्र: मिनी स्टेडियम मैदान, रामलीला मैदान, स्वयंवर वाटिका लंका।
• सिगरा क्षेत्र: पानी ग्रहण लॉन, रामकृष्ण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज।
• कैंट क्षेत्र: कटिंग स्कूल मैदान, छोटी कटिंग मेमोरियल, राधा मोहन लॉन।
• राजातालाब–रोहनिया: राजा साहब का बगीचा, रामलीला मैदान।
• रामनगर: शहनाई पैलेस परिसर।
• भेलूपुर: कबीर नगर पार्क, बृज इन्क्लेव।
• चेतगंज–सिगरा–सारनाथ: क्वींस कॉलेज मैदान, आशापुर प्राइमरी स्कूल मैदान, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय।
• बड़ागांव–पिंडरा–चोलापुर क्षेत्र: बसनी बाजार शिव सरोवर मंदिर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, दुर्गा मंदिर मैदान।
सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद
त्योहार के दिनों में फायर ब्रिगेड के अलावा पुलिस, विद्युत विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी सतर्क रहेंगी। सुरक्षा कर्मियों की संयुक्त ड्यूटी लगाई जा रही है ताकि भीड़, बिजली की ओवरलोडिंग या पटाखों से होने वाली आगजनी की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण किया जा सके।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने अपील की है कि लोग दीपावली पर पटाखे निर्धारित स्थल पर ही जलाएं, बच्चों को अकेले आतिशबाजी करने न दें और किसी भी आपात स्थिति में 101 नंबर पर तुरंत सूचना दें।
रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी










Users Today : 2
Users This Year : 6340
Total Users : 18933
Views Today : 2
Total views : 37414