चन्दौली डीडीयू नगर
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मुगलसराय पुलिस, औद्योगिक नगर चौकी पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी रेनाल्ट डस्टर कार से 24 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पटनवा तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मिर्जापुर की ओर से एक काले रंग की रेनाल्ट डस्टर कार में गांजा लादकर वाराणसी की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी टीम ने मिल्कीपुर-ताहिरपुर हाईवे पर घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर की मौजूदगी में कार की तलाशी लेने पर डिग्गी में रखे दो प्लास्टिक के बोरों से 24 बंडलों में पैक 24.800 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि कार पर लगी नंबर प्लेट किसी अन्य वाहन की थी। चेसिस नंबर के आधार पर वाहन का वास्तविक पंजीकरण अलग पाया गया, जिससे स्पष्ट हुआ कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहा था।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम उमाकान्त उर्फ हिमांशु पुत्र गोपाल प्रसाद चन्द्रवंशी, निवासी बंधन टोला आरा, थाना नवादा, जनपद भोजपुर (बिहार) बताया। उसने स्वीकार किया कि वह मिर्जापुर से गांजा लाकर वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
इस मामले में थाना मुगलसराय पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को प्रभारी थानाध्यक्ष राजीव त्रिपाठी, एसओजी प्रभारी रामजनम यादव, चौकी प्रभारी औद्योगिक नगर सूरज कुमार तथा मुगलसराय पुलिस और एसओजी टीम के अन्य पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।










Users Today : 3
Users This Year : 19429
Total Users : 32022
Views Today : 3
Total views : 63597