ग्राम प्रधान के पिता से मांगी 5 हजार की रंगदारी, जिला बदर अपराधी पर आरोप — दोनों पक्षों में मारपीट की तहरीर, पुलिस जांच में जुटी

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के बरही कला गांव में रविवार को रंगदारी मांगने और मारपीट का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान के पिता ने गांव के जिला बदर अपराधी पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर आरोपी पक्ष ने भी ग्राम प्रधान परिवार पर हमला करने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, बरही कला के ग्राम प्रधान दिलीप सिंह के पिता कैलाश सिंह ने फूलपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वे रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे ग्राम प्रधान पुत्र के कहने पर गांव में बन रहे अंत्योष्टि स्थल (श्मशान घाट) का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के ही निवासी और फूलपुर थाने के जिला बदर अपराधी विनय सिंह ने मौके पर पहुंचकर उनसे ₹5,000 की रंगदारी मांगी।

पीड़ित कैलाश सिंह ने बताया कि जब उन्होंने रंगदारी देने से इनकार किया तो विनय सिंह ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी और मौके से चला गया।

इधर, विनय सिंह ने भी पुलिस को दी तहरीर में ग्राम प्रधान के पिता पर हमला करने और वाहन से टक्कर मारने का आरोप लगाया है। उसने कहा कि जब वह गांव में हो रहे निर्माण कार्य का वीडियो बना रहा था, तभी प्रधान पक्ष के लोगों ने उस पर हमला कर दिया।

फूलपुर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि, “दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। प्रथम दृष्टया यह मारपीट का मामला प्रतीत होता है। जांच की जा रही है, तथ्य सामने आने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।”

गांव में इस प्रकरण के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस दोनों पक्षों पर नजर रखे हुए है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई