मीरजापुर
राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी के 19वें पुण्य स्मृति दिवस के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारीज मीरजापुर द्वारा आयोजित चार दिवसीय “विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान” का शुक्रवार को जी.डी. बिनानी कॉलेज, भरूहना, मीरजापुर में उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। 21 से 24 अगस्त तक आयोजित इस अभियान के प्रथम दिन कॉलेज परिसर में रक्तदान शिविर एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व एवं इसके लाभों के बारे में जागरूक किया गया। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए बताया कि स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति द्वारा चिकित्सकीय जांच के बाद किया गया रक्तदान सुरक्षित है और किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
शिविर में दिव्यांशु, विशाल, दीपू और उत्कर्ष ने अपने जीवन का पहला रक्तदान कर मानवता की सेवा की प्रेरणादायी मिसाल पेश की। विशेष रूप से अभियान के प्रथम रक्तदाता के रूप में दिव्यांशु ने रक्तदान कर अन्य युवाओं को भी आगे आने के लिए प्रेरित किया।
रक्तदान से पूर्व सभी इच्छुक रक्तदाताओं का वजन, ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन एवं ब्लड ग्रुप सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच में स्वस्थ एवं पात्र पाए गए युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। रक्तदान के पश्चात ब्रह्माकुमारीज की ओर से सभी रक्तदाताओं को नाश्ता, पानी एवं जूस उपलब्ध कराया गया तथा रक्तदान करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज मीरजापुर सेवा केंद्र प्रभारी बी.के. बिंदु दीदी , जी.डी. बिनानी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक सिंह , मंडलीय अस्पताल के ब्लड बैंक से आए चिकित्सक, अधिकारी एवं स्टाफ तथा विंध्य फाउंडेशन ट्रस्ट के कृष्णानंद जी एवं उनकी सहयोगी टीम का विशेष सहयोग रहा।
बी.के. बिंदु दीदी ने कहा कि रक्तदान केवल रक्त देने का कार्य नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और भाईचारे की सच्ची सेवा है। जागरूकता के अभाव में कई लोग रक्तदान को लेकर यह भ्रम रखते हैं कि इससे कमजोरी या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो सकती है। ऐसे भ्रमों को दूर कर युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे दिव्यांशु, विशाल, दीपू और उत्कर्ष जैसे युवाओं से प्रेरणा लेकर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में आगे आएं।
22 एवं 23 अगस्त को ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र में रक्तदान शिविर
चार दिवसीय अभियान के दूसरे एवं तीसरे दिन 22 और 23 अगस्त को ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र, प्रभु उपहार भवन, शुक्लाहा, मीरजापुर में विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। 22 अगस्त के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक (SP) महोदया तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर मंडलायुक्त विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शहरवासियों, युवाओं एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के रक्तदान के लिए पहुंचने की संभावना है।
24 अगस्त को BHU साउथ कैंपस में होगा शिविर
अभियान के अंतिम दिन 24 अगस्त को BHU साउथ कैंपस, बरकछा रोड, मीरजापुर में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
ब्रह्माकुमारीज मीरजापुर ने जनपदवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति इस महाअभियान से जुड़ें और रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दें। आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन में नई सुबह ला सकता है।









Users Today : 18
Users This Year : 24098
Total Users : 36691
Views Today : 47
Total views : 72130