जौनपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: मां विंध्यवासिनी दर्शन कर लौट रहे एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत, तीन गंभीर

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

जौनपुर

रविवार की सुबह जौनपुर जिले के रामपुर क्षेत्र के यादव नगर तिराहे के पास उस समय चीख-पुकार मच गई जब एक तेज रफ्तार बोलेरो खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह लोग बुरी तरह फंस गए। इस हृदयविदारक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि दो को भदोही के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान अंबेडकरनगर जनपद के पाली पट्टी गांव निवासी आलोक (38), फूला देवी (70) और गुड़िया वर्मा (32) के रूप में हुई है। ये सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। हादसे में घायल अभिराट (20), मंजू वर्मा (40) और सुभाष वर्मा (30) भी उसी परिवार के हैं।

परिवार के लोगों के अनुसार, सभी शनिवार को विंध्याचल धाम में मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद देर रात वे बोलेरो से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही रविवार की सुबह उनका वाहन जौनपुर की सीमा में गंधोना गांव स्थित एचपी पेट्रोल पंप से आगे बढ़ा, यादव नगर तिराहे के पास अचानक बोलेरो अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

ग्रामीणों ने बताया कि बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी। मोड़ के पास चालक संतुलन खो बैठा, जिससे वाहन सीधे ट्रक में जा घुसा। जोरदार धमाका सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से गैस कटर की मदद से बोलेरो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, गांव में मातम छा गया। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक चालक और वाहन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है, वहीं पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

 

 

रिपोर्ट – विजयलक्ष्मी तिवारी

 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

जहांगीरगंज में संतोष पांडेय पर संरक्षण का आरोप, प्रशासनिक उदासीनता से जूझ रहे ग्रामीण शिकायतकर्ताओं से दुर्व्यवहार और जांच में लीपापोती खंड शिक्षा अधिकारी संतोष पांडेय के खिलाफ बढ़ा आक्रोश।