भदोही, 21 अगस्त 2026
जिलाधिकारी/मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) शैलेष कुमार के निर्देश पर प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग, अनधिकृत कॉलोनियों एवं बिना स्वीकृति किए जा रहे विकास कार्यों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन प्रवर्तन अभियान के क्रम में ग्राम हरियावं में तीन अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई उप कार्यपालक अधिकारी (डीईओ) निखिल यादव के नेतृत्व में प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम एवं पुलिस बल की मौजूदगी में नियमानुसार की गई। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति किए जा रहे अनधिकृत विकास कार्यों को ध्वस्त किया गया।
इन तीन भूखंडों पर हुई कार्रवाई
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई निम्न भूखंडों पर की गई—
1. प्लॉट संख्या 1100 मि. — लगभग 4,000 वर्गमीटर, अनुराधा पत्नी दिनेश कुमार हर्ष, निवासी रजपुरा कॉलोनी फेज-1, भदोही।
2. प्लॉट संख्या 536 — लगभग 2,500 वर्गमीटर, अरुण कुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय गिरेंद्र प्रताप सिंह, निवासी हरियावं, भदोही।
3. प्लॉट संख्या 598 मि. — लगभग 5,000 वर्गमीटर, अरुण कुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय गिरेंद्र प्रताप सिंह, निवासी हरियावं, भदोही।
उक्त सभी भूखंड प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हरियावं में स्थित हैं। प्राधिकरण के अनुसार इन भूखंडों पर प्राधिकरण की स्वीकृति/अनुमति के बिना अवैध प्लॉटिंग एवं अनधिकृत विकास कार्य किए जा रहे थे।
बार-बार नोटिस के बावजूद जारी रही अवैध गतिविधियां
प्राधिकरण द्वारा तीनों प्रकरणों में संबंधित भू-स्वामियों को नियमानुसार पूर्व में नोटिस जारी कर अवैध प्लॉटिंग एवं अनधिकृत विकास गतिविधियों को तत्काल बंद करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद निर्देशों का अनुपालन नहीं किया गया और अवैध गतिविधियां जारी रहीं।
प्राधिकरण के निर्देशों की लगातार अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार 21 अगस्त 2026 को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध जारी रहेगा प्रवर्तन अभियान
मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेष कुमार ने निर्देश दिए हैं कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग एवं अनधिकृत विकास गतिविधियों की निरंतर निगरानी की जाए तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बिना किसी दबाव अथवा भेदभाव के तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उप कार्यपालक अधिकारी निखिल यादव ने कहा कि बीडा क्षेत्र में अनियोजित एवं अवैध विकास को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध प्लॉटिंग एवं अनधिकृत विकास कार्यों के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रवर्तन टीम एवं पुलिस बल रहा मौजूद
अभियान के दौरान प्राधिकरण की ओर से प्रभारी अधिशासी अभियंता राम दरश भारती, अवर अभियंता आदित्य यादव, अवर अभियंता प्रद्युम्न कुमार सिन्हा एवं अवर अभियंता द्विवेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम द्वारा आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया गया।
बीडा ने आमजन से अपील की है कि किसी भी भूखंड को खरीदने अथवा उसमें निवेश करने से पूर्व संबंधित भूमि एवं ले-आउट की प्राधिकरण से स्वीकृति तथा उसकी वैधानिक स्थिति की अनिवार्य रूप से जांच कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी अथवा वित्तीय परेशानी से बचा जा सके।











Users Today : 44
Users This Year : 24124
Total Users : 36717
Views Today : 124
Total views : 72207