शहाबगंज में खुशियों की बरसात: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 34 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

शहाबगंज (चंदौली)

लगातार हो रही बारिश भी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के उत्साह को फीका नहीं कर सकी। मंगलवार को शहाबगंज विकास खंड परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में कुल 34 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे।

इनमें 33 जोड़ों का विवाह हिन्दू रीति-रिवाज एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न कराया गया, जबकि एक मुस्लिम जोड़े का निकाह इस्लामी परंपरा के अनुसार संपन्न कराया गया। समारोह में लगभग 400 लोग शामिल हुए और पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह व उल्लास का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है।

उन्होंने कहा कि यह योजना जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी मजबूत कर रही है। उन्होंने सभी नवदंपतियों के सुखद, सफल एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की।

समारोह के दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह ने सभी नवविवाहित जोड़ों को घड़ी एवं सिलाई मशीन उपहार स्वरूप भेंट कर उनके नए जीवन की मंगलकामना की।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गीता देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रिंकू विश्वकर्मा, आजाद राम, राम सूचित दूबे, एडीओ आईएसबी अजय प्रताप सिंह, एडीओ पंचायत अरविंद सिंह, एडीओ समाज कल्याण पंकज टाइगर, ग्राम पंचायत सचिव चंद्रबली सिंह, रामप्रकाश सहित ब्लॉक के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एडीओ पंचायत अरविंद सिंह ने किया।

अंत में खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया। बारिश के बावजूद पूरे समारोह का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया गया। नवविवाहित जोड़ों के चेहरों पर नए जीवन की खुशियां साफ झलक रही थीं, जिससे पूरा वातावरण उल्लास और शुभकामनाओं से सराबोर हो उठा।

 

रिपोर्ट – आलिम हाशमी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई