रीवा। विंध्य क्षेत्र के नागरिकों के लिए बहुप्रतीक्षित सौगात अब हकीकत बनने जा रही है। प्रदेश के उप. मुख्यमंत्री एवं रीवा विधायक राजेंद्र शुक्ल ने घोषणा की है कि 28 जुलाई 2026 से रीवा एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए नियमित हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। एयर इंडिया की 72 सीटर विमान रीवा से उड़ान भरकर भोपाल होते हुए कोलकाता पहुंचेगी।
लंबी यात्रा से मिलेगी मुक्ति
अब तक रीवा और आसपास के जिलों के लोगों को कोलकाता जाने के लिए सड़क या रेल मार्ग से 20-24 घंटे की कठिन यात्रा करनी पड़ती थी। वैकल्पिक रूप से जबलपुर, भोपाल या प्रयागराज जाकर फ्लाइट पकड़नी पड़ती थी। नई सेवा शुरू होने से न केवल समय की बचत होगी बल्कि यात्रा भी सुविधाजनक और आरामदायक हो जाएगी।
उप. मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि विंध्य क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग आज पूरी हो रही है। रीवा एयरपोर्ट के संचालन के बाद क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी लगातार बेहतर हो रही है। कोलकाता के लिए शुरू हो रही यह सेवा विंध्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार को मिलेगा बड़ा लाभ
डिप्टी सीएम ने बताया कि नई हवाई सेवा का सबसे ज्यादा फायदा व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और पर्यटकों को मिलेगा। कोलकाता पूर्वी भारत का बड़ा व्यापारिक केंद्र है। रीवा के व्यापारी अब कम समय में वहां जाकर कारोबार कर सकेंगे। इसी तरह मेडिकल ट्रीटमेंट और उच्च शिक्षा के लिए जाने वाले विद्यार्थियों को भी सीधी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होने से विंध्य क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। उद्योग, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई कंपनियां यहां आने के लिए आकर्षित होंगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
आगे और शहरों के लिए भी योजना
राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि रीवा एयरपोर्ट से लगातार नई उड़ानें शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। कोलकाता के बाद अब मुंबई, पुणे, हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे प्रमुख महानगरों के लिए भी नियमित विमान सेवा शुरू कराने की दिशा में काम चल रहा है।
उन्होंने बताया कि रीवा, भोपाल और कोलकाता के बीच सीधा हवाई संपर्क स्थापित होने से मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के बीच व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंध भी मजबूत होंगे।
स्थानीय लोगों में खुशी की लहर
कोलकाता उड़ान की घोषणा के बाद से ही रीवा और पूरे विंध्य क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सामाजिक और व्यापारिक संगठनों ने उपमुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की है। लोगों का कहना है कि हवाई सेवा शुरू होने से रीवा की पहचान एक बड़े हवाई हब के रूप में बनेगी। गौरतलब है कि रीवा एयरपोर्ट से वर्तमान में भोपाल, जबलपुर और दिल्ली के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं। कोलकाता सेवा शुरू होने के बाद रीवा देश के पूर्वी क्षेत्र से भी सीधे जुड़ जाएगा।











Users Today : 21
Users This Year : 23632
Total Users : 36225
Views Today : 26
Total views : 71129