जौनपुर।
जौनपुर के जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने निर्माणाधीन एनएच-135 (पैकेज-2) जौनपुर–शाहगंज सेक्शन का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भूमि अधिग्रहण, किसानों को मुआवजा भुगतान तथा विभिन्न विभागीय स्वीकृतियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को परियोजना को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि एनएच-135 वाराणसी से अयोध्या को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जिससे इसकी उपयोगिता और भी बढ़ जाती है। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को जल्द से जल्द बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी ने बताया कि भूमि अधिग्रहण के लिए निर्धारित 261 करोड़ रुपये में से अब तक 236 करोड़ रुपये किसानों को भुगतान किए जा चुके हैं। शेष भुगतान और अन्य प्रक्रियाओं को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रोजेक्ट डायरेक्टर सहित कार्यदायी संस्था के अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









Users Today : 50
Users This Year : 24227
Total Users : 36820
Views Today : 65
Total views : 72372