वाराणसी।
सिंधौरा थाना क्षेत्र के मझवां गांव में गुरुवार रात जमीन और मकान के पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चचेरे भाइयों के बीच हुए विवाद में एक युवक ने दूसरे की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय सौरभ सिंह उर्फ बंटी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका अपने चचेरे भाई बबलू सिंह से लंबे समय से जमीन और मकान को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार रात दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान बबलू सिंह पिस्टल लेकर पहुंचा और सौरभ की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही सौरभ जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने भाई के साथ बाइक से फरार हो गया। सूचना मिलते ही डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान, एडीसीपी गोमती जोन निपेंद्र कुमार, एसीपी पिंडरा, सिंधौरा पुलिस और एसओजी की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह जमीन और मकान का पुराना विवाद सामने आया है। मामले की गहन जांच जारी है।











Users Today : 140
Users This Year : 23931
Total Users : 36524
Views Today : 303
Total views : 71800