वाराणसी।
आगामी पावन श्रावण मास को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने श्री काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात और दर्शन व्यवस्था की समीक्षा की।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रावण मास की सभी तैयारियां महाकुंभ स्तर की व्यापकता और दक्षता के अनुरूप हों, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण, सुगम दर्शन और निर्बाध यातायात की सुविधा मिल सके।
स्थानीय नेमी दर्शनार्थियों (काशीवासियों) के लिए गेट नंबर-4 से जिग-जैग बैरिकेडिंग के जरिए विशेष प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे उनके नियमित दर्शन प्रभावित न हों। वहीं सामान्य दिनों में व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों, इसके लिए मार्गों को खुला रखने और केवल अत्यधिक भीड़ वाले दिनों में बैरिकेडिंग लागू करने को कहा गया है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर से 500 मीटर से 1 किलोमीटर के भीतर पार्किंग व्यवस्था विकसित करने, मोबाइल व अन्य सामान जमा-निकासी प्रणाली को सरल बनाने तथा गोदौलिया और मैदागिन मार्ग पर जिग-जैग बैरियर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
सुरक्षा के लिहाज से पूरे श्रावण मास में सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, अतिरिक्त पुलिस बल, अर्धसैनिक बल और एटीएस की संयुक्त तैनाती रहेगी। साथ ही प्रवेश-निकास मार्गों, कतार प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, डीसीपी सुरक्षा अनिल कुमार यादव, एडीसीपी वैभव बांगर, एडीसीपी नम्रता श्रीवास्तव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।











Users Today : 28
Users This Year : 18539
Total Users : 31132
Views Today : 98
Total views : 61925