33 और 28 साल की शानदार सेवा के बाद दो आईपीएस अधिकारियों को भावभीनी विदाई, डीजीपी ने स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मान

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

लखनऊ।

उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के सम्मान में मंगलवार को भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने आईजी/अपर निदेशक राजीव मल्होत्रा और एसपी (सीबीसीआईडी) गिरिजेश कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित किया और भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह में डीजीपी ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने अनुभव, कार्यशैली और व्यक्तित्व से पुलिस संगठन को समृद्ध करता है। दोनों अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस की उत्कृष्ट परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और उनका अनुभव आने वाली पीढ़ी के पुलिस अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

कार्यक्रम में डीजी सीआईडी/साइबर क्राइम बी.के. सिंह, निदेशक यूपी स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस जी.के. गोस्वामी तथा आईजी सीआईडी अखिलेश निगम ने भी दोनों अधिकारियों के साथ बिताए गए अनुभव साझा करते हुए उनके स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की।

अपने संबोधन में राजीव मल्होत्रा ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस सेवा उनके जीवन की सबसे बड़ी पहचान रही है। उन्होंने कहा कि वर्दी भले ही उतर जाए, लेकिन पुलिस अधिकारी की भावना जीवनभर उनके साथ रहेगी।

वहीं गिरिजेश कुमार ने उत्तर प्रदेश पुलिस को अपना परिवार बताते हुए कहा कि विभाग के सहयोग, विश्वास और स्नेह ने उन्हें बेहतर इंसान बनाया तथा पुलिस सेवा उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण अनुभव रही।

राजीव मल्होत्रा ने वर्ष 1992 में प्रांतीय पुलिस सेवा से अपने करियर की शुरुआत की थी और 2015 में आईपीएस पद पर प्रोन्नत हुए। 33 वर्षों से अधिक के सेवाकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। उन्हें United Nations Peace Keeping Medal, पुलिस पदक तथा डीजीपी प्रशंसा चिन्ह (सिल्वर) सहित कई सम्मान प्राप्त हुए।

गिरिजेश कुमार ने वर्ष 1997 में प्रांतीय पुलिस सेवा में चयनित होकर अपनी सेवाएं शुरू कीं और 2022 में आईपीएस पद पर प्रोन्नत हुए। 28 वर्षों से अधिक के सेवाकाल में उन्होंने अपनी कार्यकुशलता और सरल स्वभाव से विशेष पहचान बनाई। समारोह का समापन दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल, स्वस्थ और सुखद भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई