वाराणसी।
वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने अवैध प्लाटिंग माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को जोन-2 क्षेत्र में 17 अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चला दिया। उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के निर्देश पर चली इस कार्रवाई में करीब 73 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृत ले-आउट के विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग ध्वस्त कर दी गई।
प्रवर्तन टीम ने सारनाथ, छांही, जयरामपुर, खरगीपुर और चौबेपुर क्षेत्र में धारा-27 के तहत कार्रवाई करते हुए विनोद कुमार, गुड्डू महाराज, मुन्ना सिंह, राकेश मिश्रा, राजेश पटेल, बबलू यादव, रिंकू प्रधान समेत कई लोगों द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया। कई स्थानों पर ऐसे निर्माण भी तोड़े गए, जिनके संचालकों की पहचान नहीं हो सकी।

वीडीए के अनुसार कृषि भूमि पर अवैध तरीके से प्लॉट काटकर बेचने और बिना स्वीकृति सड़क बनाकर कॉलोनी विकसित करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच में आरोप सही मिलने पर व्यापक अभियान चलाकर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी रविन्द्र प्रकाश, अवर अभियंता राजू कुमार सहित प्रवर्तन टीम मौजूद रही। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से अंजाम दिया गया।
वीडीए ने नागरिकों से अपील की है कि कोई भी प्लॉट खरीदने से पहले भूमि का लैंड यूज और वीडीए से स्वीकृत ले-आउट अवश्य जांच लें। बिना स्वीकृत ले-आउट और मानचित्र के निर्माण कराने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










Users Today : 71
Users This Year : 23862
Total Users : 36455
Views Today : 190
Total views : 71687