वाराणसी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और कहा कि “सत्य और अहिंसा ही राष्ट्र की असली शक्ति है।”
गांधी-शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान
जिलाधिकारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि महात्मा गांधी ने अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व कर देश को आज़ादी दिलाई। उनका जीवन हमें सादगी, शांति और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री का नारा ‘जय जवान, जय किसान’ राष्ट्र के विकास की नींव है और आज भी उतना ही प्रासंगिक है। डीएम ने कहा, “इस राष्ट्रीय दिवस पर हम सभी को गांधी-शास्त्री के दिखाए आदर्शों को अपनाकर ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और एकता के साथ कार्य करना चाहिए।”
भजन से हुई शुरुआत, माहौल हुआ भावुक
कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जी के प्रिय भजन “रघुपति राघव राजाराम” के सामूहिक गायन से हुई। पूरे सभागार में भक्ति और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। इसके बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्प अर्पित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी।
प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
इस मौके पर एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा, एडीएम प्रशासन विपिन कुमार, एडीएम सीएस अमित भारती, एडीएम प्रोटोकॉल विनय सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट रविशंकर सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
जिम्मेदारी निभाने का संदेश
डीएम सत्येंद्र कुमार ने कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन हम सबके लिए आदर्श है। उनके विचार हमें अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण भाव से निभाने की सीख देते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से अपील की कि प्रशासन का हर कदम जनता की सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना से प्रेरित होना चाहिए।









Users Today : 105
Users This Year : 12505
Total Users : 25098
Views Today : 210
Total views : 49647