डेंगू-मलेरिया में संचारी रोगों की रोकथाम को जुलाई भर चलेगा विशेष अभियान

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

संचारी रोग मुक्त वाराणसी के लिए जिला टास्क फोर्स ने बनाई कार्ययोजना

वाराणसी, 22 जून 2025
जनपद में संचारी रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया आदि मच्छर जनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण और कार्रवाई के लिए एक से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफलता पूर्वक संचालन के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई जिसमें मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, सीएमओ डॉ मुकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग व विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से डेंगू, मलेरिया, टीबी, फाइलेरिया आदि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए यह अभियान पूरे जुलाई माह संचालित किया जाएगा। समस्त विभागों के सामंजस्य से ही इस अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सकता है। डेंगू की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सहित समस्त सहयोगी विभागों को ठोस कदम उठाने होंगे।

उन्होंने पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास विभाग को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय से साफ-सफाई का कार्य, लार्वी साइडल स्प्रे, फॉगिंग, खराब इण्डिया मार्क-2 हैण्डपम्प की मरम्मत एवं उथले हैण्डपम्पों के चिन्हीकरण, नालियों एवं तालाबों की साफ-सफाई एवं मार्गों के खरपतवार/झाड़ियों की कटाई-छंटाई का कार्य कराया जाए। उन्होंने ने निर्देशित किया कि हाई रिस्क वाले गांव व नगर क्षेत्र की विशेष निगरानी की जाए जिससे वेक्टर घनत्व नियंत्रित किया जा सके।

जिलाधिकारी ने इस बैठक में आभा आईडी बनाने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया । उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि तालाबों की सफाई एवं झाड़ियों की कटाई पर विशेष ध्यान दिया जाए विशेष कर जहां पर मच्छरों के लार्वा के घनत्व अधिक पाए गए हैं उन स्थलों जैसे मेंटल हॉस्पिटल एवं पुलिस लाइन के पास स्थित तालाबों के अलावा सारंग तालाब, सोना तालाब ,कंदवा तालाब की साफ सफाई एवं झाड़ियों की कटाई अवश्य कराई जाए।

शहरी क्षेत्रों में सब्जियों की मंडी विशेष कर पहाड़िया मंडी सहित अन्य मंडियों में लगातार सफाई करने का निर्देश दिया गया।इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में संचारी रोगों के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में साफ सफाई एवं एंटी लार्वा के छिड़काव के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी व नगर निगम को निर्देशित किया कि संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए माइकिंग के माध्यम से प्रचार-प्रसार का कार्य कराया जाए। नगरीय क्षेत्रों में झुग्गी झोंपड़ी व स्लम एरिया क्षेत्रों में विशेष रूप से सफाई अभियान चलाया जाए। साफ-सफाई कीटनाशक रसायनों का छिड़काव, फॉगिंग, जलजमाव निकासी, मच्छरों के प्रजनन स्थानों का नष्टीकरण, ब्रीडिंग न होने देना सोर्स रिडेक्शन का कार्य कराया जाए।

वेक्टर जनित रोगों यथा  डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया, फाइलेरिया तथा कालाजार आदि रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए प्रचार-प्रसार का कार्य करायेंगे। मोहल्ला निगरानी समिति द्वारा उपरोक्त कार्यों का अनुश्रवण किया जाएगा। सीएमओ डॉ मुकेश कुमार ने बताया कि इस अभियान में संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार आदि के साथ ही टीबी, कुष्ठ, कालाजार एवं फाइलेरिया के लक्षणयुक्त मरीजों को भी चिन्हित करने पर जोर रहेगा।

अभियान के अंतर्गत ही 10 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा, जिसमें आशा व आगंनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया आदि संचारी रोगों के प्रति जागरूक करेंगी। उन्होंने बताया कि इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास, पंचायतीराज, पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन कल्याण विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग सहित अन्य विभाग समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।

स्वास्थ्य विभाग अभियान का नोडल विभाग रहेगा। माइक्रो प्लान के अनुसार अभियान में घर-घर भ्रमण के दौरान आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संक्रमण से बचने व बुखार होने पर “क्या करें, क्या न करें” का प्रत्येक प्रमुख स्थान पर प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगी।

इस बैठक में एसीएमओ, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, डिप्टी सीएमओ,डीपीआरओ, डीपीओ (आईसीडीएस), जिला मलेरिया अधिकारी एससी पांडेय समेत समस्त खण्ड विकास अधिकारी, अन्य विभागों के अधिकारी व सहकर्मी उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई