“कब तक मुकदमा करोगे, मेरी मौत के बाद तो नहीं” : पुलिस कार्रवाई पर गरजे जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह, हाईकोर्ट जाने का किया ऐलान

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

धीना,चन्दौली

चन्दौली पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मुकदमे को लेकर जिला पंचायत सदस्य एवं समाजसेवी नेता अंजनी सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मुकदमों और दबाव की राजनीति से उन्हें डराया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि वह एक गरीब किसान परिवार के बेटे हैं और जब तक उनके शरीर में सांस है, तब तक गरीबों, किसानों, मजदूरों, नौजवानों, महिलाओं और समाज के हर वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहेंगे।

अंजनी सिंह ने कहा, “कब तक मुकदमा करोगे, मेरी मौत के बाद तो नहीं। मैं किसी पद या प्रतिष्ठा के लिए नहीं, बल्कि जनता के हक और सम्मान की लड़ाई के लिए संघर्ष करता हूं। मुकदमे दर्ज करके मेरी आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन मैं अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ पहले भी खड़ा रहा हूं और आगे भी खड़ा रहूंगा।”

उन्होंने कहा कि अपने सार्वजनिक जीवन में उन्होंने हमेशा गरीब, मजलूम, किसान, श्रमिक, छात्र-छात्राओं, माताओं, बहनों, व्यापारियों तथा समाज के सभी वर्गों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का कार्य किया है। जिले के विकास, बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर उन्होंने लगातार संघर्ष किया है। उनका दावा है कि चन्दौली के विकास और जनहित से जुड़े अनेक मुद्दों को उन्होंने प्रशासन और सरकार के समक्ष मजबूती से रखा है।

जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि उन्होंने हमेशा जाति, धर्म, मजहब, राजनीतिक दल और संगठन से ऊपर उठकर मानवता और जनसेवा को प्राथमिकता दी है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति के सुख-दुख में सहभागी बनकर उन्होंने जनप्रतिनिधि होने का दायित्व निभाया है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को उठाना कोई अपराध नहीं है और यदि जनता के हक की आवाज उठाने पर मुकदमे दर्ज किए जाते हैं, तो इससे उनका मनोबल कमजोर नहीं होगा।

पुलिस व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए अंजनी सिंह ने कहा कि पुलिस लोकतंत्र की एक महत्वपूर्ण संस्था है और उसे निष्पक्ष, पारदर्शी एवं न्यायपूर्ण तरीके से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व कानून व्यवस्था बनाए रखना और आम जनता को न्याय दिलाना है। यदि कोई अधिकारी या संस्था अपने अधिकारों का दुरुपयोग करती है अथवा पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करती है, तो उसके खिलाफ संवैधानिक और कानूनी लड़ाई लड़ना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ दर्ज किया गया मुकदमा तथ्यों और वास्तविकता से परे है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को लेकर वह कानूनी सलाह ले रहे हैं और जल्द ही उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके पास पर्याप्त साक्ष्य और तथ्य मौजूद हैं, जिन्हें वह न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।

अंजनी सिंह ने कहा, “लोकतंत्र में जनता की आवाज को मुकदमों के जरिए दबाया नहीं जा सकता। मैं न्यायपालिका पर पूरा विश्वास रखता हूं। बहुत जल्द हमारी और चन्दौली पुलिस की मुलाकात हाईकोर्ट में होगी, जहां सभी तथ्यों और साक्ष्यों के साथ सच्चाई सामने रखी जाएगी। मुझे विश्वास है कि न्याय अवश्य मिलेगा।”

उन्होंने अपने समर्थकों और क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से न्याय की इस लड़ाई में अपना विश्वास बनाए रखें।

 

रिपोर्ट – आलिम हाशमी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई