चंन्दौली बबुरी
स्थानीय विद्युत उपकेंद्र बबुरी पर मंगलवार की शाम आयोजित प्रेस वार्ता में जूनियर इंजीनियर (जेई) प्रदीप कुमार ने उपभोक्ताओं से बिजली के जिम्मेदार एवं सुरक्षित उपयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में विद्युत मांग बढ़ जाने के कारण सभी उपभोक्ताओं का सहयोग आवश्यक है, ताकि निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
जेई प्रदीप कुमार ने कहा कि उपभोक्ता आवश्यकता के अनुसार ही बिजली का उपयोग करें तथा बिजली आने के तुरंत बाद सभी विद्युत उपकरणों को एक साथ चालू न करें। उन्होंने सलाह दी कि कुछ समय के अंतराल के बाद क्रमवार उपकरणों को चालू किया जाए, जिससे विद्युत तंत्र पर अचानक अतिरिक्त भार न पड़े और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
उन्होंने उपभोक्ताओं से विधिवत विद्युत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करने तथा बिजली चोरी से बचने की अपील की। कहा कि बिजली चोरी न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे विभाग को राजस्व हानि होने के साथ-साथ विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
जेई ने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बिल अथवा विद्युत आपूर्ति से संबंधित किसी प्रकार की समस्या होने पर उपभोक्ता सीधे बबुरी पावर हाउस पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जहां उसका शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है।











Users Today : 36
Users This Year : 23978
Total Users : 36571
Views Today : 103
Total views : 71919