चन्दौली पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में बुधवार को वाराणसी की प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता और किन्नर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष सलमा किन्नर ने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल को जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आधुनिक खेल स्टेडियम के निर्माण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। इस दौरान पसमांदा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. साजिद अंसारी भी मौजूद रहे।
सलमा किन्नर ने कहा कि चंदौली जनपद की आबादी लगातार बढ़ रही है, लेकिन स्वास्थ्य सुविधाएं अभी भी अपेक्षित स्तर तक विकसित नहीं हो पाई हैं। कई सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, पर्याप्त दवाओं और आपातकालीन सेवाओं का अभाव है। गंभीर मरीजों को उपचार के लिए वाराणसी सहित अन्य जनपदों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने मांग की कि जिला अस्पताल समेत सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जाए। साथ ही, आधुनिक जांच सुविधाओं की उपलब्धता, एम्बुलेंस सेवाओं का विस्तार तथा ट्रॉमा एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को मजबूत किया जाए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
ज्ञापन में जनपद के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए एक अत्याधुनिक बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम के निर्माण की भी मांग की गई। सलमा किन्नर ने बताया कि चंदौली में खेल प्रतिभाओं को उचित मंच और संसाधन नहीं मिल पा रहे हैं। यदि जिले में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप स्टेडियम का निर्माण कराया जाता है, जिसमें एथलेटिक्स ट्रैक, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी मैदान, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन कोर्ट, कुश्ती अखाड़ा, इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जिम और खिलाड़ियों के लिए छात्रावास जैसी सुविधाएं उपलब्ध हों, तो यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।

सलमा किन्नर ने जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, हत्याओं तथा महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन से कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सक्रिय माफिया तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।
“चंदौली मेरा परिवार है” : सलमा किन्नर
अपने संबोधन में सलमा किन्नर ने कहा कि चंदौली की जनता को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, रोजगार और खेल सुविधाओं के लिए संगठित होकर अपनी आवाज उठानी
चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या अन्याय की स्थिति में वह हमेशा चंदौली की जनता के साथ खड़ी रहेंगी।
डॉ. साजिद अंसारी ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
इस अवसर पर पसमांदा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. साजिद अंसारी ने कहा कि जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रशासन को गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि जिले के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य, खेल और सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
ज्ञापन पर डॉ. साजिद अंसारी सहित मोहम्मद सुलेमान, मोहम्मद जाकी, जितेंद्र सोनकर, मसऊद आलम, अभिषेक चौधरी, वंदन कुमार, सुजीत कुमार समेत अनेक लोगों के हस्ताक्षर मौजूद रहे।









Users Today : 135
Users This Year : 24077
Total Users : 36670
Views Today : 260
Total views : 72076