मोहनलालगंज, लखनऊ, प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र एवं जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में कालेवीर बाबा मंदिर प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ मंगलवार को हुआ। शिविर के प्रथम दिवस लगभग 280 जरूरतमंद दिव्यांग एवं वृद्धजनों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम का उद्घाटन लखनऊ खंड स्नातक क्षेत्र के सदस्य विधान परिषद (एमएलसी) इंजी. अवनीश कुमार सिंह एवं भाजपा जिला महामंत्री धीरेन्द्र पाण्डेय ‘धीरू’ ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम्’ ने बताया कि ट्रस्ट के स्वयंसेवकों ने मोहनलालगंज विकास खंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में घर-घर जाकर जरूरतमंद दिव्यांगजनों का सर्वे एवं पंजीकरण कराया था। चयनित लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार ट्राई साइकिल, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, सर्वाइकल कॉलर, छड़ी, कमर बेल्ट सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम प्रभारी एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अवधेश कुमार ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के कमजोर, असहाय एवं जरूरतमंद वर्गों को सहयोग प्रदान कर उन्हें सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने में सहायता करना है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र से श्याम मोहन शुक्ला, श्रीकांत, लिपू दलाई सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी, सभासद, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। शिविर का दूसरा दिन 18 जून को आयोजित होगा, जिसमें शेष पंजीकृत लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।









Users Today : 1
Users This Year : 24081
Total Users : 36674
Views Today : 1
Total views : 72084