प्रयागराज में बकाए रुपए मांगने के विवाद में एक युवक ने दुकानदार को गोली मार दी। गोली युवक के पैर में लगी और आर पार होकर निकल गई। घटना के बाद मौके से गोली मारने वाला युवक फरार हो गया। गोली चलने की सूचना से हड़कंप मच गया।
आनन फानन में घरवालो ने घायल युवक को नजदीकी प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही नैनी पुलिस ने घटना स्थल पर जांच पड़ताल करते हुए पूछताछ शुरु कर दी। घटना सोमवार की रात नैनी के दक्षिणी लोकपुर में हुई।
बताया जा रहा है कि दक्षिणी लोकपुर के रहने वाले अनिल कुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय सूर्य नारायण सिंह किराने की दुकान चलाते हैं। वहीं पड़ोस में रहने वाले शिवम शर्मा पर ₹3000 काफी समय से बकाया चल रहा था। दुकानदार अनिल कई बार शिवम से पैसे के लिए तकादा कर रहा था। लेकिन शिवम पैसा नहीं दे रहा था।
सोमवार को जब शिवम दुकान पर पैसा देने पहुंचा तो ₹3000 की जगह ₹2500 देने लगा। इस दौरान दुकानदार अनिल सिंह ने पूरा पैसा 3000 मांगा। शिवम ने ₹500 बाद में देने की बात कही तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ा और इसी बीच शिवम ने दुकानदार अनिल पर गोली चला दी।
गोली अनिल के पैर में घुटने के नीचे लगी और आर पार होकर निकल गई। गोली लगने के बाद शिवम भाग निकला और दुकानदार अनिल जमीन पर गिर पड़ा।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए और सूचना पुलिस को दी गई। इससे पहले घरवाले घायल अनिल को लेकर नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए लेकर पहुंच गए।
सूचना पाकर नैनी पुलिस ने तत्काल घायल से घटना की पूरी जानकारी ली और गोली चलाने वाले शिवम के साथ-साथ आस पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ की। हालांकि घटना के बाद से गोली चलाने वाला युवक फरार है जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।










Users Today : 24
Users This Year : 23720
Total Users : 36313
Views Today : 100
Total views : 71366