चन्दौली पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)
भारत सरकार द्वारा कराई जा रही जनगणना के प्रपत्र (प्रोफार्मा) में पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अलग कॉलम न होने को लेकर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। शुक्रवार को मुगलसराय शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने इसे लेकर सरकार पर सवाल खड़े करते हुए प्रपत्र में संशोधन की मांग की।
मीडिया से बातचीत में बृजेश गुप्ता ने कहा कि जनगणना प्रपत्र के 13वें कॉलम में केवल “एससी, एसटी एवं अन्य” का उल्लेख किया गया है, जबकि पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के लिए अलग से कोई स्पष्ट कॉलम नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि पिछड़े वर्ग के लोगों की सही गणना किस प्रकार होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पिछड़े वर्ग की वास्तविक संख्या और हिस्सेदारी को दबाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी लगातार “जितनी जिसकी हिस्सेदारी, उतनी भागीदारी” की बात करते रहे हैं और इसी उद्देश्य से जातीय जनगणना की मांग भी उठाई गई थी।
बृजेश गुप्ता ने केंद्र सरकार से मांग की कि जनगणना प्रपत्र के संबंधित कॉलम में सामान्य वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) तथा अन्य जेंडर वर्गों के लिए अलग-अलग विकल्प उपलब्ध कराए जाएं, ताकि प्रत्येक व्यक्ति अपनी सही सामाजिक श्रेणी दर्ज कर सके।
उन्होंने कहा कि यदि जनगणना का उद्देश्य सभी वर्गों की वास्तविक स्थिति और संख्या का आकलन करना है, तो प्रपत्र में सभी वर्गों का स्पष्ट उल्लेख होना आवश्यक है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर अपनी आवाज उठाती रहेगी और सरकार से आवश्यक संशोधन करने की मांग करती है।










Users Today : 6
Users This Year : 23797
Total Users : 36390
Views Today : 6
Total views : 71503