बहादुरपुर में बाढ़ आपदा से निपटने के लिए हुआ वृहद मॉक ड्रिल, नाव पलटने की स्थिति में रेस्क्यू का किया गया अभ्यास

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर गुरुवार को (मुगलसराय)

आगामी मानसून एवं संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को बहादुरपुर गांव के समीप नदी तट पर बाढ़ आपदा प्रबंधन को लेकर वृहद मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया।

मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करना था। अभ्यास के दौरान एनडीआरएफ/पीएसी की टीम ने नदी में नाव पलटने की काल्पनिक घटना का दृश्य प्रस्तुत कर रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन किया। टीम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में किस प्रकार त्वरित कार्रवाई करते हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जाता है।

मौके पर मौजूद उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राजीव मोहन सक्सेना ने बताया कि बाढ़ के दृष्टिगत बहादुरपुर गांव में यह मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़े सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता रही। उन्होंने कहा कि नाव पलटने की स्थिति में बचाव कार्य का सफल प्रदर्शन किया गया और पूरी प्रक्रिया का व्यवस्थित अभ्यास कराया गया।

मॉक ड्रिल में आपदा मोचन बल के सब इंस्पेक्टर अभय यादव, नेकपाल सुजीत यादव, पंकज सिंह, अभिषेक श्रीवास्तव, सीएमओ प्रतिनिधि प्रेम प्रकाश उपाध्याय, संदीप श्रीवास्तव सहित राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस दौरान मोटर बोट, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय तथा अन्य जीवन रक्षक उपकरणों की कार्यक्षमता का भी परीक्षण किया गया। प्रशासन ने बताया कि ऐसे अभ्यासों से आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता विकसित होती है तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में जनहानि को कम करने में सहायता मिलती है।

मॉक ड्रिल के माध्यम से स्थानीय लोगों को भी बाढ़ एवं अन्य आपदाओं के दौरान सतर्क रहने, सुरक्षा उपाय अपनाने तथा प्रशासन का सहयोग करने के प्रति जागरूक किया गया। प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार हैं।

 

रिपोर्ट – आलिम हाशमी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई