भदोही, 03 जून 2026:–
जनपद में आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। अधिकारियों ने ज्ञानपुर स्थित काशी नरेश राजकीय महाविद्यालय तथा जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था एवं अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा कक्षों में जाकर परीक्षा की स्थिति का अवलोकन किया तथा परीक्षार्थियों से भी संवाद स्थापित कर उनकी सुविधाओं एवं परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों तथा तैनात मजिस्ट्रेटों से परीक्षा संचालन की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी लेते हुए सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्णतः पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा परीक्षा केंद्रों पर सतत निगरानी बनाए रखी जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी अभ्यर्थियों को शांत एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध हो, जिससे वे बिना किसी व्यवधान के परीक्षा दे सकें।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रवेश व्यवस्था, पहचान पत्रों की जांच, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा परीक्षा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं अनुशासित वातावरण में संचालित होती मिली।
प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक प्रथम पाली में परीक्षा में अभ्यर्थियों 2290, उपस्थित 1232, अनुपस्थित अभ्यर्थियों 1058 रहे। द्वितीय पाली में 1739 उपस्थित 1007, अनुपस्थित 732 अभ्यर्थी रहे।
जनपद प्रशासन द्वारा टीजीटी परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने हेतु व्यापक प्रबंध किए गए हैं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा समाप्ति तक पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता अक्षुण्ण बनी रहे।









Users Today : 53
Users This Year : 23995
Total Users : 36588
Views Today : 152
Total views : 71968