शहाबगंज (चंदौली)
थाना क्षेत्र के करनौल चौराहे पर बुधवार को हुए सड़क हादसे में धानापुर थाना क्षेत्र के भदाहु गांव निवासी एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर और उसके चालक को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भदाहु गांव निवासी हलचल (30) पुत्र शंकर अपने भाई से मिलने नौगढ़ गए थे। वहां से वापस घर लौटते समय करनौल चौराहे के समीप उनकी बाइक एक डंपर की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि भारतमाला परियोजना के कार्य में लगे डंपर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय सड़कों पर आवागमन कर रहे हैं। मिट्टी ढुलाई के दौरान कई वाहनों से सड़क पर मिट्टी गिरती रहती है, लेकिन उसकी सफाई नहीं कराई जाती।
हाल के दिनों में हुई बारिश के कारण सड़क पर फैली मिट्टी कीचड़ और फिसलन में बदल गई है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार इस समस्या की शिकायत किए जाने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया।
हादसे के बाद कुछ लोगों ने भारी वाहनों के अनियंत्रित संचालन पर नाराजगी जताते हुए सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना में शामिल डंपर और चालक को हिरासत में ले लिया गया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर गिरी मिट्टी की नियमित सफाई, भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।










Users Today : 13
Users This Year : 17054
Total Users : 29647
Views Today : 14
Total views : 58739