वाराणसी (लालपुर-पांडेयपुर):
सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद प्यार, भरोसा और फिर धोखे की एक सनसनीखेज कहानी वाराणसी से सामने आई है। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर युवती का चार वर्षों तक शोषण किया और गर्भवती होने पर शादी से इनकार करते हुए अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
पीड़िता, जो जौनपुर की रहने वाली है, की पहचान करीब चार साल पहले वाराणसी के हुकुलगंज निवासी विष्णु चौधरी से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान युवक ने शादी का वादा कर युवती को अपने विश्वास में लिया और कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के अनुसार, जब वह गर्भवती हो गई और उसने शादी करने की बात कही, तो आरोपी ने अपने वादे से मुकरते हुए विवाह से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने कथित रूप से युवती के निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी के परिवार वालों ने उसका साथ देने के बजाय बेटे का पक्ष लिया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विष्णु चौधरी को उसके घर से हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।









Users Today : 0
Users This Year : 24080
Total Users : 36673
Views Today :
Total views : 72083