वाराणसी, 23 मई : पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम (पूर्वांचल डिस्कॉम) में करोड़ों के चर्चित वित्तीय घोटाले के बाद अब उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) का शीर्ष प्रबंधन पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। डिस्कॉम के ‘कुबेर खजाने’ की सुरक्षा, वित्तीय पारदर्शिता और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए चेयरमैन आशीष गोयल लगातार सख्त फैसले ले रहे हैं।
इसी कड़ी में नवागंतुक निदेशक (वित्त) संतोष कुमार साहू की नियुक्ति के बाद अब वित्तीय अनुभाग में नए महाप्रबंधक (GM) के रूप में श्रवण बब्बर की तैनाती कर दी गई है। इस नियुक्ति को डिस्कॉम के भीतर चल रही गुटबाजी और वित्तीय अव्यवस्थाओं पर सीधे प्रहार के रूप में देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, निदेशक (वित्त) संतोष कुमार साहू ने कार्यभार संभालने के बाद जब फाइनेंस विंग की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने और पारदर्शिता लागू करने की कोशिश शुरू की, तो विभाग के भीतर ही विरोध और खींचतान की स्थिति पैदा हो गई।
कई स्तरों पर कामकाज प्रभावित होने की शिकायतें शीर्ष प्रबंधन तक पहुंचीं। बताया जा रहा है कि निदेशक की रिपोर्ट के बाद चेयरमैन आशीष गोयल ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए श्रवण बब्बर को GM के रूप में तैनात किया, ताकि वित्तीय अनुभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
सूत्रों का दावा है कि अब संतोष कुमार साहू और श्रवण बब्बर की नई टीम डिस्कॉम में वर्षों से जमे नेटवर्क, मनमानी और अपारदर्शी कार्यप्रणाली पर कड़ी निगरानी रखेगी। शीर्ष प्रबंधन ने साफ संकेत दे दिया है कि वित्तीय मामलों में अब किसी भी तरह की लापरवाही या संदिग्ध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद पूर्वांचल डिस्कॉम के वित्तीय अनुभाग में हलचल तेज हो गई है। वहीं विभाग के ईमानदार अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि आने वाले दिनों में कई और बड़े फैसले देखने को मिल सकते हैं।










Users Today : 13
Users This Year : 17054
Total Users : 29647
Views Today : 14
Total views : 58739