झारखंड के सरायकेला खरसावां से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला ने अपने डेढ़ माह के मासूम बेटे को चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिया. घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई. इतना ही नहीं, महिला अपनी करीब तीन साल की दूसरी बच्ची को भी ट्रेन से बाहर फेंकने की कोशिश करने लगी, लेकिन ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने समय रहते उसे पकड़ लिया और बड़ी अनहोनी टाल दी।
यह घटना सरायकेला खरसावां जिले के राजखरसावां और महालीमुरूप स्टेशन के बीच हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला अचानक अपने बच्चे को गोद से उठाकर ट्रेन के दरवाजे की ओर गई और देखते ही देखते उसे बाहर फेंक दिया. मासूम बच्चे के ट्रेन से नीचे गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. इसके बाद महिला दूसरी बच्ची को भी बाहर फेंकने की कोशिश करने लगी, लेकिन यात्रियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया।
बच्चे का शव बरामद:_ घटना की सूचना ट्रेन के चाईबासा पहुंचते ही रेलवे पुलिस और मंझगांव थाना पुलिस को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया. उसके साथ मौजूद पति को भी पूछताछ के लिए पकड़ा गया. बाद में रेलवे ट्रैक के किनारे सर्च अभियान चलाया गया, जहां झाड़ियों से डेढ़ माह के मासूम बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया।
शहाबुद्दीन के साथ प्रेम विवाह किया:_ पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी महिला का नाम मुद्रावती गोप है, जो पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझगांव क्षेत्र की रहने वाली है. पूछताछ में महिला ने बताया कि करीब चार साल पहले उसने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी शहाबुद्दीन के साथ प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद उसने अपना नाम बदलकर हसीना बेगम रख लिया था. दोनों कुछ समय तक हैदराबाद में रहकर मजदूरी का काम करते थे. बताया जा रहा है
कि महिला के परिजनों ने पहले ही शहाबुद्दीन के खिलाफ बेटी को भगाने का मामला दर्ज कराया था. इसी मामले में कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद दोनों वापस लौट रहे थे. इसी दौरान ट्रेन में यह दिल दहला देने वाली घटना हो गई. फिलहाल मंझगांव थाना पुलिस आरोपी महिला मुद्रावती गोप और उसके पति शहाबुद्दीन से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि महिला ने इतनी खौफनाक वारदात क्यों की. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग मां की इस निर्मम हरकत को लेकर हैरान हैं।










Users Today : 17
Users This Year : 23808
Total Users : 36401
Views Today : 20
Total views : 71517