जौनपुर
दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता अंबे प्रसाद पांडेय पर बुधवार सुबह कोर्ट जाते समय अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में वकील लाइन बाजार थाने पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार लाइन बाजार थाना क्षेत्र के भारती नगर गंगा पट्टी निवासी अधिवक्ता अंबे प्रसाद पांडेय सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपने आवास से बाइक द्वारा दीवानी न्यायालय जा रहे थे।
आरोप है कि इंग्लिश क्लब के पास तीन अज्ञात युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लोहे की रॉड से उनके सिर के पिछले हिस्से पर हमला कर दिया। वार इतना जोरदार था कि उनका सिर फट गया और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर पीली कोठी की तरफ फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों और अन्य अधिवक्ताओं की मदद से घायल अधिवक्ता को तत्काल लाइन बाजार थाने लाया गया, जहां उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। बाद में पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बार अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव ने मामले की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने लाइन बाजार थानाध्यक्ष से फोन पर वार्ता कर आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की।
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में अधिवक्ता थाने पहुंच गए और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।










Users Today : 23
Users This Year : 23814
Total Users : 36407
Views Today : 31
Total views : 71528