लेडी सिंघम नीतू कादयान का बड़ा एक्शन: मनीष सिंह हत्याकांड में आरोपियों को पनाह देने वाले 4 और गिरफ्तार

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी

फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव में सड़क हादसे के बाद हुई मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या मामले में पुलिस लगातार बड़ी कार्रवाई कर रही है। इस हाई-प्रोफाइल केस की मॉनिटरिंग खुद डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान और एडीसीपी गोमती जोन नृपेन्द्र कुमार कर रहे हैं, जिसके चलते एक के बाद एक आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच रहे हैं।

घटना 26 अप्रैल 2026 की है, जब घमहापुर में एक अनियंत्रित कार ने एक महिला को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने कार चालक मनीष सिंह को पकड़ लिया और पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के परिजनों की तहरीर पर फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

नीतू कादयान की सख्त निगरानी में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 28 अप्रैल को चार मुख्य आरोपियों— मनोज प्रजापति, हरिश्चंद्र राजभर, योगेंद्र प्रजापति और अभिषेक उर्फ बुद्धू को गिरफ्तार किया था।

इसके बाद 3 मई को फरार आरोपियों को शरण देने वाले पांच अन्य लोगों— किशन कुमार, आशीष कुमार, अजय कुमार, प्रदीप भारद्वाज और शिव मोहन राजभर को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पहले 25 हजार और बाद में 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

4 मई को थाना फूलपुर और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान 50-50 हजार के इनामी आरोपी आशीष राजभर और मनीष राजभर को गिरफ्तार किया। उनके पास से तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।

इसी क्रम में 5 मई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घमहापुर के पास से हत्या के आरोपियों को छिपाने, उन्हें संसाधन उपलब्ध कराने और पुलिस से बचाने वाले 4 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में शिवचंद प्रसाद, मुकुंद लाल, किसन और गणेश कुमार शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, इन सभी पर मुख्य आरोपियों को संरक्षण देने, फरारी में मदद करने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने का आरोप है। सभी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

डीसीपी नीतू कादयान और एडीसीपी नृपेन्द्र कुमार की सख्ती से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

 

रिपोर्ट – विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment