चन्दौली/वाराणसी:
उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त ओमप्रकाश पाण्डेय को महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। STF ने यह कार्रवाई 02 मई 2026 को अंजाम दी।
STF के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त ओमप्रकाश पाण्डेय पुत्र सुभाष पाण्डेय, निवासी जयरामपुर मुनारी चोरण, थाना चौबेपुर, जनपद वाराणसी है। उसके खिलाफ थाना सकलडीहा, जनपद चन्दौली में मुकदमा संख्या 40/2024 के तहत धारा 3(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट में मामला दर्ज है।
ठाणे में ऐसे दबोचा गया आरोपी
STF को इनामी अपराधियों की लोकेशन और गतिविधियों की लगातार सूचना मिल रही थी। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में निरीक्षक अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में वाराणसी STF यूनिट ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
जांच के दौरान सूचना मिली कि आरोपी महाराष्ट्र के ठाणे में छिपा हुआ है। इसके बाद उपनिरीक्षक शाहजादा खाँ के नेतृत्व में टीम रवाना हुई और नब्बे फिट रोड, धारावी थाना क्षेत्र, ठाणे में घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पशु तस्करी का चला रहा था बड़ा नेटवर्क
पूछताछ में खुलासा हुआ कि ओमप्रकाश पाण्डेय अपने साथियों विशाल यादव और नितिश हरिजन के साथ मिलकर पशु तस्करी का बड़ा नेटवर्क संचालित कर रहा था।
गिरोह यूपी के अलग-अलग जिलों से पशुओं को ट्रक और पिकअप वाहनों में भरकर गांव के रास्तों से बिहार, पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में भेजता था। अवैध कारोबार से होने वाली लाखों की कमाई को आरोपी ऐशो-आराम में उड़ाते थे।
इस गैंग के खिलाफ चन्दौली में पहले ही मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में गिरोह के तीन अन्य आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि अब फरार चल रहा मुख्य आरोपी भी STF के हत्थे चढ़ गया।
अब यूपी लाने की तैयारी
गिरफ्तार आरोपी को स्थानीय न्यायालय, ठाणे में पेश कर ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके बाद उसे उत्तर प्रदेश लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। STF की इस कार्रवाई से पशु तस्करी गिरोह में हड़कंप मचा हुआ है।











Users Today : 122
Users This Year : 17435
Total Users : 30028
Views Today : 231
Total views : 59511